Indian Premier League 2026: आईपीएल 2026 के आगाज में अब गिनती के महज कुछ दिन शेष रह गए हैं. आगामी सीजन के लिए कोई टीम अपनी तरफ से कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है. यही वजह है कि सभी खिलाड़ी जमकर पसीना बहा रहे हैं.
युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी भी मैदान में छा जाने के लिए खूब मेहनत कर रहे हैं. जिसका एक वीडियो सामने आया है. मगर इस वीडियो को देखने के बाद आपको निराशा ही हाथ लगेगी. क्योंकि लोगों को उम्मीद थी कि वह यहां गेंदबाजों को दिन में तारे दिखाएंगे. मगर उलटे वह उनके सामने फंसते हुए ही नजर आए. सबसे ज्यादा उन्हें जिस गेंदबाज ने तंग किया. वह कोई और नहीं भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा हैं. अभ्यास के दौरान जडेजा ने उन्हें एक दो बार नहीं बल्कि कई बार अपने जाल में फंसाया और आउट किया.
राजस्थान रॉयल्स ने जडेजा को सीएसके से किया है ट्रेड
पिछले काफी लंबे समय से सीएसके की टीम का हिस्सा रहे रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने ऑफ सीजन ट्रेड के तहत अपने बेड़े में शामिल किया है. इसके बदले में उन्हें पूर्व कप्तान संजू सैमसन को छोड़ना पड़ा. फ्रेंचाइजी ने सैमसन के बदले में सीएसके से कुल दो खिलाड़ियों को लिया है. जिसमें जडेजा और सैम कुरेन का नाम शामिल है.
वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल करियर
संजू सैमसन के राजस्थान रॉयल्स से जाने के बाद फ्रेंचाइजी को वैभव सूर्यवंशी से काफी उम्मीद है. खबर लिखे जाने तक युवा स्टार ने देश की प्रतिष्ठित लीग में कुल सात मैच खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से सात पारियों में 36 की औसत से 252 रन निकले हैं. ये रन उन्होंने 206.56 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. आईपीएल में सूर्यवंशी के नाम एक शतक और एक अर्धशतक दर्ज है. 101 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी है.