IPL 2026, Harshit Rana Replacement KKR: तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के लिए अपनी तेज गेंदबाजी में आई कमी को पूरा करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा की चोट के कारण लंबे समय समय तक बाहर रहने वाले हैं, जिससे KKR का टीम कॉम्बिनेशन बिगड़ सकता है. ऐसे में टीम ने उनके रिप्लेसमेंट की तलाश तेज कर दी है. हाल ही में टीम मैनेजमेंट ने कुछ गेंदबाजों को ट्रॉयल्स के लिए बुलाया है.
हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट की तलाश
हर्षित राणा को T20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलते हुए दाएं घुटने में लिगामेंट स्ट्रेन की चोट लगी थी. उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था और फिर बाहर हो गए थे. इसके बाद सर्जरी हुई और अब वह रिहैबिलिटेशन में हैं. BCCI की मेडिकल टीम ने अभी तक उनकी वापसी की कोई तारीख नहीं बताई है, जिससे IPL में उनका बड़ा हिस्सा मिस होने की संभावना है. इस कमी को भरने के लिए KKR ने तीन अनुभवी तेज गेंदबाजों पर नजरें गड़ाई हैं. ये तीन गेंदबाज सिमरजीत सिंह, केएम आसिफ और संदीप वॉरियर हैं. इन खिलाड़ियों ने ट्रॉयल्स में हिस्सा लिया है.
KKR किस गेंदबाज पर खेलेगी दांव?
सिमरजीत सिंह पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं. IPL के 14 मैचों में उनके नाम 11 विकेट हैं. लंबे कद के इस तेज गेंदबाज की स्पीड 140 किमी/घंटा से ज्यादा रहती है और वे शार्प यॉर्कर फेंकने में माहिर हैं. 2022 में CSK के लिए उन्होंने 10 मैचों में 9 विकेट लिए थे, लेकिन पिछले सीजन SRH के लिए संघर्ष किया और 4 मैचों में सिर्फ 2 विकेट मिले. उन्होंने मुंबई में KKR के शुरुआती ट्रायल फेज में प्रभावित किया था, जहां टीम के स्काउटिंग हेड बिजू जॉर्ज और डिप्टी मनविंदर बिसला ने निगरानी की.
केएम आसिफ की बात की जाए तो 32 साल के इस गेंदबाज ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी छाप छोड़ी थी. वह 140 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकते हैं, लेकिन चोटों से जूझते रहे हैं. IPL में उनका डेब्यू CSK के लिए 2018 में हुआ था. आखिरी बार 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए दिखे थे. आसिफ और संदीप वॉरियर ने बुधवार को ईडन गार्डन्स में KKR के पहली ट्रेनिंग सेशन के दौरान ट्रायल दिए हैं.
संदीप वॉरियर पहले भी KKR के लिए खेल चुके हैं. उन्होंने 2019 में KKR से डेब्यू किया था और तीन सीजन तक टीम का हिस्सा रहे, साथ ही गुजरात टाइटंस के लिए भी खेला है. IPL में 10 मैचों में 8 विकेट हैं. ऐसे में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम इन तीनों गेंदबाजों में से किसी एक को अपने स्क्वॉड का हिस्सा बना सकती है.