IPL 2026: एमएस धोनी या रोहित शर्मा नहीं, आईपीएल में इस कप्तान का रिकॉर्ड है बेस्ट

आईपीएल 2026 सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और एक बार फिर 10 कप्तानों के बीच मुकाबला होगा कि 31 मई को इस खूबसूरत ट्रॉफी को कौन उठाएगा. इसमें से ही एक है IPL का सबसे सफल कप्तान. अगर आप सोच रहे हैं कि क्या एमएस धोनी या रोहित शर्मा फिर से अपनी-अपनी टीम के कप्तान बन गए हैं, तो ऐसा नहीं है. चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के इन दोनों दिग्गज कप्तानों ने सबसे ज्यादा 5-5 बार ट्रॉफी जीती है लेकिन जब बात सबसे अच्छे विनिंग पर्सेंटेज की आती है, तो दोनों इस मामले में एक कप्तान से पीछे हैं.

जाहिर तौर पर आप भी सोच रहे होंगे कि वो कप्तान कौन है? ये हैं पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर. जी हां, IPL में जीत का सबसे अच्छा रिकॉर्ड फिलहाल श्रेयस अय्यर के नाम है. कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ IPL का खिताब जीतने वाले अय्यर ने 3 टीमों की कप्तानी की है और इन तीनों के साथ वो फाइनल में पहुंचे हैं. साथ ही तीनों के साथ उन्हें मैदान पर काफी सफलताएं भी मिली हैं और इस कारण ही उनका विनिंग पर्सेंटेज धोनी और रोहित जैसे धुरंधरों से भी ज्यादा है.

ऐसा है श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड

आंकड़े बताते हैं कि IPL में कम से कम 50 मैचों में कप्तानी करने वालों में श्रेयस अय्यर ने 58.82 फीसदी मैच जीते हैं. अय्यर ने अभी तक 87 मैच में कप्तानी की है और इसमें 50 मैच में जीत दर्ज की है. वहीं 35 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है और 2 मैच बेनतीजा रहे हैं. इस मामले में दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिनका विन पर्सेंटेज अय्यर की तरह 58.82 है लेकिन उन्होंने 51 मैच में ही कप्तानी की है. धोनी इस मामले में 58.36 फीसदी के साथ तीसरे और रोहित 56.32 फीसदी के साथ पांचवे नंबर पर हैं. चौथे पर शेन वॉर्न (56.36) हैं.