Hardik Pandya Idol: भारतीय क्रिकेट में आज ऑलराउंडर का जिक्र छिड़ते ही हार्दिक पंड्या की बात होती है. उनका नाम हर किसी की जुबान पर सबसे पहले आता है. हार्दिक पंड्या से पहले यही रुतबा इरफान पठान का था. भारतीय क्रिकेट में हार्दिक पंड्या ने पेस बॉलिंग ऑलराउंडर वाली इरफान पठान की ही छवि को आगे बढ़ाया है. हार्दिक के लिए ऐसा कर पाना आसान रहा क्योंकि वो बचपन से ही इरफान पठान को फॉलो करते थे. उन्हें अपना आदर्श मानते थे. लेकिन, अब ऐसा क्या हो गया कि हार्दिक पंड्या ने जिन्हें बचपन से फॉलो किया, वो उनके लिए बेगाने हो गए.
हार्दिक ने 2015 में इरफान पठान को बताया आइडल
हार्दिक पंड्या ने 2015 में क्रिकट्रैकर को एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें उन्होंने इरफान पठान को अपना आइडल यानी आदर्श बताया था. ये पूछे जाने पर कि युवा क्रिकेटर के तौर पर आप किसे अपना आइडल मानते हैं, हार्दिक ने कहा था कि उनके क्रिकेटिंग आइडल इरफान पठान हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वो गेंदबाजी, बल्लेबाजी और सबकुछ करते हैं. वो एक प्रॉपर ऑलराउंडर हैं. मैं उन्हें बचपन से ही फॉलो करता आ रहा हूं. उन्हीं की तरह मैं भी ऑलराउंडर हूं. बड़ौदा के लिए खेलते हुए मैंने उनसे काफी चीजें सीखी हैं.
जिन्हें बचपन से फॉलो किया वो 2026 में बदल गए
लेकिन, 11 साल बाद 2026 में हार्दिक पंड्या का जब फिर से उसी सवाल से सामना हुआ कि उनके आइडल कौन हैं तो जवाब अलग था. इस बार उन्होंने इरफान पठान की जगह वसीम जाफर का नाम लिया. हार्दिक पंड्या ने BCCI के NAMAN अवॉर्ड्स के दौरान ये बातें कहीं. पंड्या ने कहा कि जाफर का घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहा है.
इरफान पठान से दूरियों के बढ़ने की वजह ये तो नहीं?
अब सवाल है कि हार्दिक ने फिर से इरफान पठान का नाम क्यों नहीं लिया? क्या वो उनसे नफरत करने लगे हैं? एक इंटरव्यू में इरफान पठान ने सीधे तौर पर तो नहीं लेकिन बातों ही बातों में कहा था कि हार्दिक पंड्या की शिकायत पर उन्हें IPL 2025 के ब्रॉडकास्ट टीम से हटाया गया था, दोनों के बीच मनमुटाव की वजह हो सकती है. इरफान ने ये बात उस संदर्भ में कही थी जब IPL 2025 से पहले कुछ रिपोर्ट्स भी ये दावा कर रहे थे कि भारतीय टीम के एक सीनियर प्लेयर की निंदा किए जाने को लेकर इरफान पठान को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी.