Pakistan vs Bangladesh: पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में बांग्लादेश को हरा दिया है. ढाका में खेले मुकाबले को पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस नियम से 128 रन से जीता. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 274 रन बनाए. जवाब में बांग्लादेश को 32 ओवर में 243 रन का लक्ष्य मिला मगर उनकी पारी 23.3 ओवर में 114 रन पर ही सिमट गई. इस तरह बांग्लादेश ने जितने रन नहीं बनाए, उससे ज्यादा से वो हार गए. पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में जीत के साथ 3 वनडे की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है. इससे पहले मीरपुर में पहला वनडे बांग्लादेश ने जीता था.
2 मैच खेलने वाले ने पाकिस्तान को जिताया
अब सवाल है कि पाकिस्तान की जीत का हीरो कौन बना? जवाब है अपने करियर का दूसरा मैच खेल रहा खिलाड़ी. हम बात कर रहे हैं माज सदाकत की, जिन्होंने पाकिस्तान के लिए जीत का झंडा ना सिर्फ अपनी बल्लेबाजी से बल्कि गेंदबाजी से भी गाड़ा. उन्हीं के ऑलराउंड खेल का नतीजा रहा कि पाकिस्तान की टीम ने ढाका वनडे में फतेह हासिल की.
माज सदाकत ने 46 गेंदों में ठोके 75 रन
पाकिस्तान ने दूसरे वनडे में पहले बल्लेबाजी की तो माज सदाकत ने उसके लिए ओपनिंग की. सदाकत ने तेज-तर्रार बैटिंग की , जिसका अंदाजा उनकी स्ट्राइक रेट को देखकर भी लगाया जा सकता है. माज सदाकत ने 163.04 की स्ट्राइक रेट से 46 गेंदों में 75 रन जड़े, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. माज सदाकत पाकिस्तान की ओर से ही नहीं बल्कि पूरे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाज रहे. माज सदाकत की बदौलत ही पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के सामने 274 रन का बड़ा टोटल खड़ा करने में कामयाब रही.
गेंदबाजी में भी माज सदाकत ने झटके 3 विकेट
बारी जब बांग्लादेश के रन चेज की आई तो माज सदाकत एक बार फिर से लाइमलाइट में आ गए. इस बार कमाल उन्होंने अपनी गेंदों से किया. माज सदाकत ने रन चेज करने उतरी बांग्लादेश के 3 विकेट सिर्फ 5 ओवर में 23 रन देते हुए झटक लिए. माज सदाकत की असरदार गेंदबाजी का बांग्लादेश को 114 रन पर ही समेटने में बड़ा रोल रहा.
करियर के दूसरे मैच में ही बने प्लेयर ऑफ द मैच
माज सदाकत को उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में किए कमाल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. बड़ी बात ये है कि ये कामयाबी उन्होंने अपने करियर का सिर्फ दूसरा वनडे खेलते हुए हासिल की. माज सदाकत ने बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में खेले पहले मैच में ही वनडे डेब्यू किया था.