टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम फिलहाल ब्रेक पर है लेकिन कुछ ही दिनों में सभी खिलाड़ी मैदान पर लौट जाएंगे क्योंकि शुरू होने वाला है आईपीएल का नया सीजन. दुनिया की सबसे बड़ी लीग का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है और इसका शुरुआती शेड्यूल भी रिलीज हो चुका है. मगर जहां टीम इंडिया के वर्ल्ड चैंपियन स्क्वॉड से ज्यादातर खिलाड़ी अपनी-अपनी टीम की प्लेइंग-11 का हिस्सा होंगे, वहीं एक खिलाड़ी ऐसा भी है, जिसके लिए शुरुआती 11 में जगह बना पाना बहुत मुश्किल होगा और ऐसे में उसे ज्यादा मौके मिलने की संभावना नहीं है.
बात हो रही है स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की. वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाली भारतीय टीम में शामिल दाएं हाथ के ऑफ ब्रेक गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज सुंदर आने वाले आईपीएल सीजन में भी गुजरात टाइटंस का हिस्सा होंगे. सुंदर पिछले सीजन में ही इस फ्रेंचाइजी से जुड़े थे, तब गुजरात ने उन्हें 3.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. हालांकि, टीम इंडिया के लिए लगातार खेलने और वर्ल्ड कप टीम स्क्वॉड का हिस्सा होने के बावजूद फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सुंदर प्लेइंग-11 में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं.
वर्ल्ड कप में भी सुंदर को सिर्फ 2 मैच खेलने का मौका मिला था और दोनों में ही वो कुछ कमाल नहीं कर पाए थे. वर्ल्ड कप में किस खिलाड़ी को कितने मौके मिले, इसका IPL से सीधा कनेक्शन नहीं है क्योंकि स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को भी सिर्फ 1 मैच खिलाया गया था. मगर जब IPL शुरू होगा तो वो दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11 का सबसे अहम हिस्सा होंगे. मगर वॉशिंगटन सुंदर के केस में ऐसा नहीं है और इसकी वजह उनका वर्ल्ड कप में कम मैच खेलना नहीं, बल्कि प्लेइंग-11 का कॉम्बिनेशन है, जिसमें सुंदर फिट नहीं बैठते और ये पिछले सीजन में भी देखने को मिला था.
आईपीएल 2025 में सुंदर ने गुजरात के लिए सिर्फ 5 मैच खेले थे, जिसमें उन्हें 2 विकेट मिले और 133 रन ही बना सके थे. इस बार भी स्थिति ऐसी ही बनी रहने की उम्मीद है क्योंकि गुजरात के स्क्वॉड में स्पिन ऑलराउंडर के रूप में साई किशोर और राशिद खान जैसे नाम हैं, जो टीम की प्लेइंग-11 में अहम हैं. यहां तक कि साई किशोर ने भी पिछले सीजन में पूरे 15 मैच खेले थे और टीम के सबसे सफल गेंदबाजों में से थे.
मगर ये पहला मौका भी नहीं है, जब सुंदर को इस तरह फिर से प्लेइंग-11 में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा. आईपीएल 2017 में डेब्यू करने के बाद से अब तक लगातार 9 सीजन खेल चुके हैं लेकिन इन 9 साल में वो सिर्फ 66 मैच खेल सके हैं. इसमें भी सिर्फ 2020 का एक सीजन ऐसा था, जब उन्होंने सबसे ज्यादा 15 मैच खेले. इसके अलावा 2017 के पहले सीजन में उन्होंने 11 मैच खेले थे. इन 2 सीजन के अलावा सुंदर एक बार भी 10 का आंकड़ा नहीं छू सके हैं. अब क्या इस बार किस्मत बदलेगी, ये देखने लायक होगा.