T20 World Cup 2026: 14 किमी. नंगे पांव चले वरुण चक्रवर्ती-वॉशिंगटन सुंदर, ये है वजह

Varun Chakravarthy-Washington Sunder Girivalam in Thiruvannamalai: टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर टीम इंडिया ने कमाल का खेल दिखाते हुए कब्जा कर लिया. फाइनल मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से मात दी. इस जीत के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को प्यार के साथ-साथ जमकर पैसा भी मिल रहा है. वहीं टीम इंडिया के 2 खिलाड़ी अपनी मनोकामना पूरी होने के बाद 14 किमी. तक नंगे पांव चले हैं. बात हो रही है वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती की, जिन्होंने तिरुवन्नामलाई में अरुणाचल पहाड़ी की परिक्रमा की है. ये 14 किमी. की यात्रा है, जिसे उन्होंने नंगे पांव पूरा किया. इन दोनों खिलाड़ियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

क्यों होती है तिरुवन्नामलाई में अरुणाचल पहाड़ी की परिक्रमा ?

अरुणाचल पहाड़ी को भगवान शिव का साक्षात् रूप माना जाता है . ये अग्नि ज्योति का प्रतीक है। पुराणों के मुताबिक, ब्रह्मा-विष्णु के अहंकार को दूर करने के लिए शिव ने अनंत अग्नि स्तंभ का रूप लिया और और बाद में वो पहाड़ी के रूप में स्थिर हो गए. इसलिए परिक्रमा करना शिव की पूजा का सबसे आसान और शक्तिशाली तरीका माना जाता है. भक्त अपनी मनोकामना पूरी करने या उसके पूरा होने के बाद इसकी परिक्रमा करते हैं. इस परिक्रमा को करने से मनोकामनाएं पूरी होने के अलावा, पापों का नाश होता है. जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिलती है. ज्ञान की प्राप्ति होती है. परिक्रमा करने से आप मुक्ति की ओर बढ़ते हैं.

वरुण चक्रवर्ती का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन

वरुण चक्रवर्ती ने टी20 वर्ल्ड कप में 9 मैचों में 14 विकेट हासिल किए. इस खिलाड़ी ने विकेट तो झटके लेकिन वरुण काफी महंगे साबित हुए. उनका इकॉनमी रेट लगभग 10 रन प्रति ओवर तक रहा. इस वजह से वरुण चक्रवर्ती की रैंकिंग में भी गिरावट आई और अब वो नंबर 1 गेंदबाज नहीं रहे. वॉशिंगटन सुंदर को दो ही मैच खेलने का मौका मिला और वो एक भी विकेट नहीं ले पाए. हालांकि संजू सैमसन, जसप्रीत बुमराह के कमाल प्रदर्शन के दम पर भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने का कारनामा कर दिखाया.