कई सवाल उठे, कई आरोप लगे, काफी आलोचना भी हुई. इसके बावजूद गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम इंडिया ने एक बार फिर खिताब जीत लिया. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के चैंपियन बनते ही गौतम गंभीर 2 आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय कोच बन गए. टीम इंडिया की इस सफलता ने पूरे देश को खुशी से झूमने का मौका दिया और खुद कोच गंभीर भी अपनी खुशी खुलकर जाहिर कर रहे हैं. मगर इस सफलता के बीच भी गंभीर उस पल को नहीं भूल पाते हैं, जब वो काफी दुखी थे और ऐसे वक्त में किसी ने भी उन्हें पूछा नहीं, सिर्फ एक शख्स ने हाल जाना और वो थे- जय शाह.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को फाइनल में हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता और ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई. टीम की जीत में कोच गौतम गंभीर का बड़ा हाथ रहा, जिन्होंने 2024 में पिछली वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम की कमान संभाली थी. इसके बाद से ही उन्होंने टीम इंडिया में कई बड़े बदलाव किए और उसका ही नतीजा इस खिताब के रूप में देखने को मिला है. गंभीर ने इसका श्रेय आईसीसी चेयरमैन जय शाह को भी दिया है, जिन्होंने उन्हें न सिर्फ कोच बनाया बल्कि बुरे वक्त में सहारा भी दिया.
सिर्फ जय शाह ने किया कॉल
टीम इंडिया की जीत के बाद समाचार एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में गंभीर ने खुलासा किया कि जब टीम इंडिया को न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा तो सिर्फ जय शाह ने उनका दर्द समझा था. गंभीर ने कहा, “मैं अपने कार्यकाल में काफी बुरे दौर से भी गुजरा हूं, चाहे न्यूजीलैंड से घर में टेस्ट सीरीज हार हो या साउथ अफ्रीका से घर में हार हो, जिसे मैं कभी भी नहीं भूल सकता. किसी ने भी तब मुझे कॉल नहीं किया था. सिर्फ एक शख्स ने मुझसे बात की थी और वो थे जय शाह. मुंबई में न्यूजीलैंड से हार के बाद मैं एयरपोर्ट में था, तब उन्होंने मुझे कॉल कर हिम्मत बनाए रखने को कहा था. साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भी उन्होंने कॉल किया था और ये मैं हमेशा याद रखूंगा.”
#WATCH | “We were playing an IPL game in Mumbai, KKR versus Mumbai Indians and it was Jay Bhai (ICC Chairman Jay Shah) who called me…At that time, I wasn’t even ready…When I was offered this job, I had no experience as a head coach, because I’ve never been a head coach of any pic.twitter.com/JNQyxEm3ck
— ANI (@ANI) March 11, 2026
जय शाह ने कैसे की कोच की जॉब ऑफर?
गंभीर ने साथ ही किस्सा सुनाया कि कैसे जय शाह ने IPL के दौरान उन्हें टीम इंडिया के कोच की जॉब ऑफर की. गंभीर ने कहा, “मुझे याद है कि IPL (2024) में मुंबई और KKR के मैच के दौरान जय भाई का मुझे कॉल आया और उन्होंने कहा कि ‘मैं तुम्हें एक ऑफर देना चाहता हूं और तुम मना नहीं कर सकते. तुम्हें हेड कोच बनना होगा’. मैं ये सुनकर हैरान था क्योंकि मैं उस वक्त इसके लिए तैयार भी नहीं था. मेरे लिए टीम इंडिया का हेड कोच बनना बहुत बड़ा सम्मान था क्योंकि कितने ही पूर्व खिलाड़ियों को फिर से ड्रेसिंग रूम में जाने का मौका मिलता है. मेरे पास हेड कोच का एक्सपीरिएंस नहीं था लेकिन फिर भी मुझपर भरोसा किया और इसके लिए उनको सलाम है.”