इंग्लैंड की T20 लीग द हंड्रेड में इस भारतीय दिग्गज की एंट्री, मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

The Hundred 2026: इंग्लैंड की T20 लीग द हंड्रेड का नया सीजन 21 जुलाई से 16 अगस्त तक खेला जाएगा. इस बार द हंड्रेड में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है. द हंड्रेड में कुल आठ फ्रेंचाइजी हैं, इनमें से मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स जैसी टीमों के मालिक अब इंडियन हैं. वहीं, पहली पार लीग में खिलाड़ियों का ऑक्शन भी होने जा रहा है. द हंड्रेड का ऑक्शन 2 दिन होगा. 11 मार्च को महिला और 12 मार्च को पुरुष खिलाड़ियों पर बोली लगेगी, ये ऑक्शन लंदन में आयोजित होगा. इससे पहले सदर्न ब्रेव की टीम ने बड़ा फैसला लिया है.

सदर्न ब्रेव टीम में इस भारतीय की एंट्री

द हंड्रेड लीग की टीम सदर्न ब्रेव ने अपने पुरुष टीम के लिए नए कोचिंग स्टाफ का ऐलान कर दिया है. भारतीय क्रिकेट के पूर्व बल्लेबाज और अनुभवी कोच हेमंग बदानी को टीम का हेड कोच नियुक्त किया गया है. वहीं, इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज इयान बेल असिस्टेंट कोच की भूमिका निभाएंगे. यह बदलाव इसलिए अहम है क्योंकि जीएमआर ग्रुप ने पिछले साल सदर्न ब्रेव में 49% हिस्सेदारी हासिल की थी. इसके बाद से टीम के कोचिंग ढांचे में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़े लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है.

हेमंग बदानी के पास कोचिंग का काफी अनुभव

हेमंग बदानी फिलहाल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हैं, जहां उन्होंने पिछले सीजन में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी. हालांकि प्लेऑफ में जगह नहीं बन पाए. उनके पास फ्रेंचाइजी क्रिकेट में काफी अनुभव है, वह मेजर लीग क्रिकेट में सीटल ओरकास और आईएलटी20 में दुबई कैपिटल्स जैसी जीएमआर ग्रुप की टीमों के साथ भी जुड़े रहे हैं. उनकी कोचिंग स्टाइल और रणनीति ने कई लीगों में सफलता दिलाई है.

दूसरी ओर, इयान बेल इंग्लैंड की कंडीशन को ध्यान में रखते हुए टीम में शामिल किए गए हैं. उन्होंने हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स में भी बदानी के साथ काम किया है. इंग्लैंड की अंडर-19 और लॉयंस टीमों के साथ काम करने के अलावा, उन्होंने श्रीलंका की टेस्ट टीम के बैटिंग कोच के तौर पर इंग्लैंड दौरे पर योगदान दिया है. वह न्यूजीलैंड टीम के साथ भी 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले जुड़े थे. हैंड्रेड में वह पहले बर्मिंघम फीनिक्स के असिस्टेंट कोच रह चुके हैं.