तरुण कुमार की मौत… शिखर धवन का कलेजा कांपा, कर दी ये बड़ी मांग

Uttam Nagar Murder Case Shikhar Dhawan Reaction: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन एक 26 साल के युवक का मर्डर हुआ, जिसका नाम तरुण कुमार है. तरुण कुमार की मौत एक झगड़े के दौरान हुई. बताया जा रहा है कि पड़ोस के एक परिवार ने तरुण को बुरी तरह पीटा जिसके बाद उसकी मौत हो गई. इस पूरी घटना की शुरुआत होली के दौरान एक पानी का गुब्बारा फेंकने के बाद शुरू हुई और देखते ही देखते ये हिंसा में बदल गई और इसमें तरुण ने अपनी जान गंवा दी. इस मुद्दे पर पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की.

तरुण की मौत से कांपे शिखर धवन

शिखर धवन ने तरुण के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए लिखा, ‘ उत्तम नगर में तरुण कुमार की दुखद मौत ने मुझे झकझोर दिया है. ये बेहद दुखद है कि होली के दौरान एक बच्चे की ओर से पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी घटना हिंसा में तब्दील हो सकती है. मानवता को कभी भी इस स्तर तक नहीं गिरना चाहिए. उनके परिवार के लिए मेरी प्रार्थनाएं हैं और आशा है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले.’ शिखर धवन इस मुद्दे पर बयान देने वाले पहले क्रिकेटर हैं.

आखिर कैसे शुरू हुआ ये पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक होली के दिन 4 मार्च को तरुण का परिवार रंग-गुलाल खेल रहा था, तरुण उस समय होली पार्टी के लिए बाहर गया हुआ था. तरुण के परिवार की एक छोटी लड़की ने गलती से पानी से भरा गुब्बारा पड़ोसी परिवार की एक महिला पर फेंक दिया, जिससे थोड़ा पानी छलक गया. आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने इस मामले को बड़ा बना दिया. विवाद जल्द ही हिंसक हो गया. बताया जा रहा है कि पड़ोसी परिवार के लोग तरुण के परिवार पर लाठी, बल्ले, हॉकी स्टिक से हमला करने लगे. इसके बाद तरुण जब होली पार्टी करके घर लौटा तो उसे भी पकड़कर पीटा गया और उसे पत्थर भी मारे गए. तरुण इस हमले में बुरी तरह जख्मी हो गया. जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई.