टीम इंडिया ने वो कर दिखाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था. अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया और अपने खिताब को सफलतापूर्वक बचाते हुए लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम की इस सफलता पर पूरा दे झूम उठा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने इस जीत पर सबको बधाई दी.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 8 मार्च को खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 255 रन बनाए. संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने जोरदार अर्धशतक जमाए, जबकि अंत में शिवम दुबे ने भी तेजी से 26 रन बटोरे. इसके जवाब में अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह के दम पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को सिर्फ 159 रन पर ढेर कर दिया और खिताब जीत लिया.
इस तरह टीम इंडिया लगातार 2 बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई, जबकि रिकॉर्ड 3 खिताब जीतने वाली पहली टीम भी बन गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर टीम इंडिया को सफलता की बधाई दी और कहा कि इसने पूरे देश का दिल खुशी से भर दिया है.
वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी खुशी का इजहार किया और कहा कि भारतीय टीम ही इस खिताब की सच्ची और असली हकदार थी.
टीम इंडिया को पिछले टी20 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने में भूमिका निभाने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने कहा कि भारत की विस्फोटक बैटिंग का कोई मुकाबला ही नहीं था.