IND vs NZ Final: टीम इंडिया ने 255 रन जड़कर बनाए कई रिकॉर्ड, सैमसन-ईशान-अभिषेक ने मचाई तबाही

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारतीय टीम ने फिर वैसी ही बल्लेबाजी की, जिसके दम पर उसने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया था. एक बार फिर संजू सैमसन आतिशी पारी खेलकर शतक से चूक गए. मगर इस बार अभिषेक शर्मा ने भी योगदान दिया और ईशान किशन ने भी एक और ताबड़तोड़ पारी खेली. टीम इंडिया के बल्लेबाजों टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर न्यूजीलैंड को मुश्किल में डाल दिया. मगर सिर्फ एक स्कोर ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया ने और भी कई बड़े रिकॉर्ड बनाए.

फाइनल में खूब उड़े रिकॉर्ड

  1. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए. ये फाइनल में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.
  2. वहीं भारत ऐसी पहली टीम बन गई, जिसने एक ही वर्ल्ड कप में 2 बार 250 रन से ज्यादा के स्कोर खड़े किए और दोनों नॉकआउट राउंड में आए. इससे पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 253 रन बनाए थे.
  3. संजू सैमसन ने इस मैच में 89 रन की पारी खेली, जो वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड है. उन्होंने मार्लन सैमुअल्स (वेस्टइंडीज) और केन विलियमसन (न्यूजीलैंड) को पीछे छोड़ा. दोनों के स्कोर 85 रन थे.
  4. सैमसन का इस वर्ल्ड कप में लगातार तीसरा अर्धशतक था और ऐसा करने वाले वो पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए. उन्होंने सुपर-8 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 (नाबाद) और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 रन बनाए थे.
  5. सैमसन के अलावा इस मैच में ओपनर अभिषेक शर्मा ने 52 और तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने भी 54 रन बनाए. इस तरह पहली बार टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी टीम के शीर्ष 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जमाए.