T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई. यह मैच हाई-स्कोरिंग और रोमांच से भरपूर रहा, लेकिन मैदान पर एक ऐसी घटना हुई जिसने सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा दिया और कई क्रिकेट फैंस को निराश किया. मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड ने जबरदस्त मुकाबला किया. युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने 105 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन टीम की पारी 246 रन तक ही पहुंच सकी.
RCB के फैंस की शर्मनाक हरकत
लेकिन मैच के दौरान एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. जब बेथेल बल्लेबाजी कर रहे थे और भारतीय गेंदबाजों की गेंदों पर बड़े शॉट लगा रहे थे, तो स्टैंड्स में कुछ फैंस ‘आरसीबी-आरसीबी’ के नारे लगाने लगे. वजह यह थी कि जैकब बेथेल आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम का हिस्सा हैं. कुछ आरसीबी फैंस ने इंटरनेशनल मैच में भी अपने फ्रेंचाइजी प्लेयर को सपोर्ट करने के चक्कर में भारतीय टीम के गेंदबाजों की पिटाई पर जश्न मनाना शुरू कर दिया.
यह हरकत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और फैंस ने इसे शर्मनाक बताया. कई यूजर्स ने लिखा कि इंटरनेशनल मैच में देश की टीम खेल रही है, ऐसे में फ्रेंचाइजी लॉयल्टी दिखाना गलत है. कुछ ने कहा कि भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ चीयर करना टीम इंडिया के साथ अन्याय जैसा है. वहीं, कुछ लोगों ने इसे फैंस का पैशन बताया, लेकिन ज्यादातर ने आलोचना की कि क्योंकि बड़े मैच में देश पहले आता है ना की आईपीएल.
भारतीय गेंदबाजों ने ही जिताया मैच
मैच में बीच के ओवरों में भारतीय गेंदबाज भले ही महंगे रहे, लेकिन आखिरी के 5 ओवरों में गेंदबाजों ने कमाल की वापसी की. इंग्लैंड को आखिरी 5 ओवर में जीत के लिए 69 रन बनाने थे. लेकिन जसप्रीत बुमराह ने कमाल के 2 ओवर फेंके और मुकाबले को भारत की ओर मोड़ दिया. हार्दिक पंड्या ने भी 19वें ओवर में घातक गेंदबाजी की. वहीं, आखिरी ओवर शिवम दुबे ने डाला और रनों का बचाव किया. जिसके चलते भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें