RCB ने किया बड़ा ऐलान, IPL 2026 में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी सिर्फ इतने मैच

आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बड़ा ऐलान कर दिया है. फ्रेंचाइजी ने बताया है कि वो आईपीएल 2026 में अपने घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने उतरेगी. आरसीबी ने बताया कि उनकी टीम पांच मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी और बचे हुए दो घरेलू मैच ये टीम रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेलेगी. बता दें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ की वजह से 11 फैंस की मौत हो गई थी जिसके बाद से ये सवाल खड़ा हो गया था कि क्या इस स्टेडियम में अब आरसीबी खेलेगी या नहीं. हालांकि अब इसका जवाब मिल गया है. बता दें चिन्नास्वामी में भगदड़ के बाद से इस मैदान पर रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी या यहां तक ​​कि महाराजा ट्रॉफी का भी बड़ा घरेलू मैच आयोजित नहीं किया गया.

आरसीबी ने किया बड़ा ऐलान

आरसीबी ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि सरकार और आरसीबी के बीच हुई बातचीत के बाद तय हो गया है कि चिन्नास्वामी में आरसीबी की टीम उतरने वाली है. आरसीबी ने कहा, ये कदम महीनों की कड़ी मेहनत और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद उठाया गया है. इसका लक्ष्य फैंस के लिए घरेलू मैदानों पर खेलों को वापस लाना है. आरसीबी बेंगलुरु में मैचों की मेजबानी को आसान बनाने में सहयोग और समर्थन के लिए कर्नाटक सरकार, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और कर्नाटक पुलिस का आभार व्यक्त करती है.’