Rinku Singh Video: टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ रिंकू सिंह को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला लेकिन ये खिलाड़ी इसके बावजूद सुर्खियों में छाया हुआ है. इसकी वजह है उनका वो वीडियो जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचाई हुई है. दरअसल वेस्टइंडीज के खिलाफ जब संजू सैमसन बीच मैदान पर ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे थे तो उसके बाद ब्रेक के दौरान रिंकू सिंह ने कुछ ऐसा कर दिया जिसे देखकर आपकी हंसी नहीं रुकेगी. संजू सैमसन को पानी पिलाने आए रिंकू सिंह गलती से उनका बैट ही ले गए और ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
सैमसन का बैट ले गए रिंकू
ब्रेक के दौरान कुलदीप यादव और रिंकू सिंह ने संजू सैमसन को पानी पिलाया. रिंकू सिंह के कंधे पर तौलिए भी थे और उन्होंने संजू का बैट भी पकड़ा हुआ था. तभी रिंकू सिंह बैट लेकर वापस मैदान से बाहर जाने लगे लेकिन सैमसन ने देखा कि उनका बैट उनके पास नहीं है. इसके बाद उन्होंने रिंकू को बुलाया और अपना बैट वापस लिया. बता दें रिंकू सिंह को दूसरों के बैट लेने में माहिर माना जाता है. वो विराट कोहली का बैट भी ले चुके हैं. वो अकसर विराट के बैट उनसे मांगते रहते हैं.
Rinku Singh Mistakenly Walks Away With Sanju Samsons Bat
Reaction Of Kuldeep and Samson Was Priceless
pic.twitter.com/2tDrSokmZd
— CricketSanctum (@SanctumCricket) March 2, 2026
सैमसन ने जिताया मैच
ये तो रही मजाक की बात लेकिन संजू सैमसन का जो बल्ला रिंकू सिंह लेकर जा रहे थे उसी से भारतीय ओपनर ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जबरदस्त धुनाई की. संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए. अपनी पारी में इस खिलाड़ी ने 12 चौके और 4 छक्के लगाए. इस पारी के दम पर ही टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया और टीम टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी पहुंची. भारत ने वेस्टइंडीज की ओर से दिए 196 रनों के लक्ष्य को 4 गेंद पहले हासिल किया. अब सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत इंग्लैंड की टीम से होगी. ये मुकाबला 5 मार्च को वानखेड़े में खेला जाएगा.
