T20 World Cup: बाल-बाल बचा पाकिस्तान, अब कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? समझिए पूरा समीकरण

पाकिस्तान क्रिकेट टीम किसी आईसीसी टूर्नामेंट में खेले और उससे जुड़े ड्रामा न हों, ऐसा कहां होता है. कुछ ऐसा ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी देखने को मिला है. मगर मैदान से बाहर के विवादों को साइड में रखते हुए सीधे टूर्नामेंट की बात करें तो यहां भी तमाशा जारी है. ग्रुप स्टेज में लगातार उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बाद किसी तरह सुपर-8 राउंड में पहुंची पाकिस्तानी टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा था. मगर कभी बारिश तो कभी दूसरी टीमों की मदद से आगे बढ़ने वाली पाकिस्तान को फिर से ऐसा ही एक मौका मिला है और ये मौका दिया है उसे इंग्लैंड ने, जिसने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल की रेस को रोमांचक बना दिया.

सुपर-8 राउंड के ग्रुप-2 में मौजूद पाकिस्तानी टीम के लिए शुक्रवार 22 फरवरी का दिन बेहद अहम था. सलमान आगा की टीम खुद तो मैदान पर नहीं उतरी थी लेकिन उसकी किस्मत जरूर इस दिन पर टिकी थी. इसकी वजह न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का मैच था, जिसका नतीजा पाकिस्तान का बोरिया-बिस्तर बांध सकता था. ऐसा होने भी वाला था लेकिन आखिरी 3 ओवर की गलतियों के कारण न्यूजीलैंड ने ये मैच गंवा दिया और सीधे सेमीफाइनल में जाने का मौका उसके हाथ से फिसल गया. वहीं इंग्लैंड की जीत ने पाकिस्तान को एक आखिरी मौका दे दिया, जहां अब पाकिस्तानी टीम की किस्मत खुद उसके हाथ में आ गई है.

ग्रुप-2 से इंग्लैंड के अलावा कौन सी टीम सेमीफाइनल में जाएगी, इसका फैसला अब शनिवार 28 फरवरी को होगा, जब श्रीलंका और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है. ऐसे में उसके लिए इस मैच की ज्यादा अहमियत नहीं है. मगर वो पाकिस्तान को हराकर उसे भी टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है. वहीं पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़ी जीत की जरूरत है क्योंकि श्रीलंका को हराने पर भी उसके न्यूजीलैंड जितने 3 पॉइंट्स ही होंगे और फैसला नेट रनरेट से होगा, जहां न्यूजीलैंड (1.390) फिलहाल पाकिस्तान (-0.461) से आगे है.

ऐसे में पाकिस्तान तभी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, अगर उसका रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो. मगर इसके लिए उसे कितनी बड़ी जीत चाहिए? यही वो समीकरण है, जो जानना जरूरी है क्योंकि ये पाकिस्तान के लिए आसान नहीं होने वाली लेकिन असंभव भी नहीं है. चलिए समीकरण आपको बताते हैं-

अगर पाकिस्तानी टीम इस मैच में पहले बैटिंग करती है तो उसे कम से कम 65 रन के अंतर से और अगर पहले बॉलिंग करती है तो उसे 13 ओवर के अंदर जीत दर्ज करनी होगी. मसलन अगर पाकिस्तान पहले बैटिंग करते हुए 160 रन बनाती है तो उसे श्रीलंका को करीब 95 रन पर ढेर करना होगा. वहीं अगर श्रीलंका पहले बैटिंग करते हुए 160 रन बनाती है तो पाकिस्तान को ये लक्ष्य 40 या उससे ज्यादा गेंद बाकी रहते हुए हासिल करना होगा. कुल मिलाकर समीकरण असंभव नहीं है लेकिन पाकिस्तान की फॉर्म देखकर ऐसा होने की संभावना कम ही लगती है.