Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर का पहला फाइनल, 8 बार की चैंपियन कर्नाटक से मुकाबला, इतना है टिकट का दाम

Karnataka vs Jammu-Kashmir: T20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच के बीच भारत के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के फाइनल का भी मौका आ गया है. रणज ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल मुकाबला कर्नाटक और जम्मू कश्मीर के बीच हुबली में खेला जाएगा. इस बार का फाइनल खास है क्योंकि फाइनल में एक ऐसी टीम है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार उस मुकाम तक पहुंची है. उसने पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में अपनी जगह बनाई है. अपने पहले ही फाइनल में उसका सामना 8 बार की चैंपियन टीम कर्नाटक से होने वाला है.

क्या रणजी ट्रॉफी को मिलेगा नया चैंपियन?

जम्मू-कश्मीर का जहां ये रणजी ट्रॉफी का पहला फाइनल है. वहीं कर्नाटक की टीम का ये 15वां फाइनल होगा. कर्नाटक ने पिछले 14 फाइनल में 8 बार विजेता का चोला पहना है, जिसमें दो बार उसने लगातार रणजी ट्रॉफी के खिताब पर कब्जा किया था. कर्नाटक की टीम 2013-14 और 2014-15 में लगातार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनी थी. कर्नाटक के मुकाबले जम्मू कश्मीर के लिए रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनने का ये पहला मौका होगा. अगर वो इस कारनामे को अंजाम देती है तो फिर वो टूर्नामेंट को भी एक नया चैंपियन मिलेगा.

क्या है रणजी ट्रॉफी फाइनल के टिकट का दाम?

अब सवाल ये है कि हुबली में खेले जाने वाले इस मुकाबले के टिकट का प्राइस कितना होगा? सोशल मीडिया पर चल रही रिपोर्ट के मुताबिक रणजी ट्रॉफी के फाइनल के टिकट की प्राइस 100 रुपये से 200 रुपये तक बताई जा रही है.

कर्नाटक के इन खिलाड़ियों पर रहेगी फाइनल में नजर

रणजी ट्रॉफी फाइनल में किन खिलाड़ियों पर नजर होगी अगर उसकी बात करें तो कर्नाटक के रविचंद्रण स्मरन का नाम इस लिस्ट में टॉप पर होगा. फाइनल से पहले तक स्मरन मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 8 मैचों की 13 पारियों में 950 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. मतलब फाइनल में 50 रन और बनाते ही स्मरन अपने 1000 रन पूरे कर लेंगे. इनके अलावा करुण नायर फाइनल में अपना पहला रन बनाते ही रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में 700 रन की दहलीज पार कर लेंगे.

कर्नाटक के लिए खतरा बन सकते हैं आकिब नबी

दूसरी ओर पहली बार फाइनल में पहुंचने वाली जम्मू-कश्मीर टीम की बात करें तो अब्दुल समद बल्ले से उनके टॉप स्कोरर हैं. अब्दुल समद ने फाइनल से पहले तक 9 मैच की 13 पारियों में 655 रन बनाए हैं.

लेकिन, जम्मू कश्मीर का जो खिलाड़ी कर्नाटक के लिए फाइनल में गले की हड्डी बन सकता है वो नाम आकिब नबी का है. 29 साल के ये गेंदबाज इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में हैं. रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में अब तक खेले 9 मैच की 16 पारियों में उन्होंने 55 विकेट हासिल किए हैं. फाइनल में आकिब नबी के पास मौका सिर्फ जम्मू कश्मीर को जिताने का ही नहीं होगा बल्कि टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बनने का भी होगा. फाइनल में 5 विकेट लेते ही आकिब नबी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे.