भारत की शर्मनाक हार के बाद संजय मांजरेकर ने साउथ अफ्रीका को कहा Thank You,छिड़का जख्मों पर नमक

टी20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को करारी हार मिली. भारत ये मैच 76 रनों से हारा जो कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में उसकी सबसे बड़ी हार है. इस हार के बाद पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने टीम इंडिया के जख्मों पर नमक छिड़कर दिया. इस पूर्व क्रिकेटर ने टीम इंडिया की हार के बाद साउथ अफ्रीका का शुक्रिया अदा किया. आइए आपको बताते हैं कि संजय मांजरेकर ने आखिर कहा क्या?

संजय मांजरेकर का टीम इंडिया पर निशाना

संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि साउथ अफ्रीका का शुक्रिया क्योंकि उसने बता दिया कि आखिर टीम इंडिया को आने वाले मैचों में क्या करना है. संजय मांजरेकर ने कहा, ‘साउथ अफ्रीका का शुक्रिया उसकी वजह से पता चल गया कि अब टीम इंडिया को आगे क्या करना है. बल्लेबाजों को स्पिनर्स के खिलाफ अच्छी तकनीक के साथ खेलना होगा. थ्रो डाउन प्रैक्टिस में स्लोअर गेंदों का ज्यादा अभ्यास हो और कुलदीप यादव को जरूर मौका देना चाहिए.’

स्पिन और स्लोअर के जाल में फंसे भारतीय बल्लेबाज

साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच को टीम इंडिया ने 76 रनों से गंवाया. इस हार की बड़ी वजह टीम इंडिया के बल्लेबाजों का स्पिनर्स और स्लोअर गेंदों के आगे लचर प्रदर्शन रहा. ईशान किशन ऑफ स्पिनर एडेन मार्करम की गेंद पर आउट हुए, वो खाता तक नहीं खोल सके. अभिषेक शर्मा मार्को यानसन की स्लोअर गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गए. तिलक वर्मा 1 ही रन बना सके. सूर्यकुमार यादव ने 18 ही रन बनाए. केशव महाराज ने 3 विकेट झटके. यानसन 4 विकेट ले गए. कॉर्बिन बॉश ने भी 2 विकेट झटके.

11 बार 0 पर आउट

टीम इंडिया के लिए बड़ी मुसीबत ये है कि भारतीय टीम के खिलाड़ी 11 बार इस टी20 वर्ल्ड कप में जीरो पर आउट हो चुके हैं. ये मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा है. वैसे एक टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 13 डक का रिकॉर्ड बांग्लादेश के बल्लेबाजों का नाम है और ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया के बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को इस बार अपने नाम कर सकते हैं.