पाकिस्तान के क्रिकेटर इमाद वसीम ने अपनी पूर्व पत्नी सानिया अशफाक से कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला कर लिया है. उन्होंने अपनी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है. सानिया ने इमाद पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इमाद वसीम ने अपनी पूर्व पत्नी सानिया अशफाक के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.सोशल मीडिया से शुरू हुआ ये मामला अब अदालत में पहुंच गया है, जहां दोनों पक्ष कानूनी लड़ाई के लिए तैयार हैं. सानिया अशफाक ने सोशल मीडिया पर कई ऐसे पोस्ट किए जिनमें उन्होंने इमाद वसीम पर गर्भावस्था के दौरान उन्हें छोड़ने और शादी के दौरान उनके साथ बेवफाई करने का आरोप लगाया था.
इमाद-सानिया की सच्चाई अब आएगी सामने
इमाद वसीम ने सानिया के सभी आरोपों को झूठा बताया है और उन्होंने कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है. उनका मानना है कि सानिया अशफाक उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं. बहुत जल्दी ही इस मामले में सारी सच्चाई लोगों को पता चल जाएगी.
सोशल मीडिया से शुरू हुए मामले में पकड़ा तूल
सानिया अशफाक के इमाद वसीम के साथ हुए व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर करने के बाद से इस मामले ने तूल पकड़ा था. स्क्रीनशॉट, दोनों के बीच हुई बहस के थे. उसके अनुसार वो इमाद से बच्चे के जन्म पर मौजूद रहने को लेकर अनुरोध भी कर रही थी.
इमाद पर लगाया था हत्यारा होने का आरोप
सानिया अशफाक ने इमाद वसीम पर हत्यारा होने का भी आरोप लगाया था. सानिया के मुताबिक दिसंबर 2023 में इमाद ने लाहौर के अस्पताल में उनका गर्भपात कराया था. इमाद हत्यारे हैं और मेरे पास इसका वीडियो प्रूफ भी है. उन्होंने मुझे धोखा दिया है.
इमाद वसीम ने हाल ही में नाइला रजा से दूसरी शादी की है. लेकिन, इस शादी से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर पूरी जानकारी शेयर की थी. उन्होंने माना था कि वो अपनी शादी-शुदा जिंदगी में कुछ ठीक नहीं चल रहा. वो मुश्किल वक्तत से गुजर रहे हैं. सानिया अशफाक ने इमाद वसीम की दूसरी पत्नी नाइला रजा को घर तोड़ने वाली भी कहा था.