IND-W vs AUS-W: स्मृति मंधाना ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर, ऑस्ट्रेलिया में 500 का आंकड़ा किया पार

आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिए ऑस्ट्रेलिया में सीरीज खेल रही टीम इंडिया की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला आखिर चल ही गया. टी20 सीरीज के पिछले मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही मंधाना ने एडिलेड में खेले गए तीसरे मैच में अपने बल्ले की धाक जमाई और एक बेहतरीन अर्धशतक जमाया. भारतीय ओपनर इस मुकाबले में शतक के बेहद करीब आकर आउट हो गईं लेकिन फिर भी उन्होंने 82 रन की पारी खेली और इसके साथ ही एक खास रिकॉर्ड भी बना दिया.

एडिलेड ओवल मैदान में शनिवार 21 फरवरी को सीरीज के तीसरे मैच में भी भारतीय टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी. पिछले मैच में जहां मंधाना सिर्फ 31 रन बना सकी थीं, वहीं इस बार उन्होंने न सिर्फ इस स्कोर को पार किया, बल्कि टी20 इंटरनेशनल में अपना 35वां अर्धशतक भी लगाया. शेफाली वर्मा के जल्दी आउट होने के बाद मंधाना ने जेमिमा रॉड्रिग्स के साथ मिलकर पारी को संभाला और 38 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया.

शतक से चूकीं मंधाना

एक बार फिफ्टी पूरी हुई तो इसके बाद मंधाना ने अपने हमले को तेज कर दिया और ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को बाउंड्री की राह दिखानी शुरू कर दी. देखते ही देखते अगली 15 गेंदों में उन्होंने 30 रन जोड़ लिए. 17वें ओवर में छक्का जमाकर मंधाना ने 80 रन का आंकड़ा पार किया और लग रहा था कि वो शतक जमाकर ही दम लेंगी. मगर अगली ही गेंद पर फिर से छक्का जमाने की कोशिश में बाउंड्री के करीब कैच आउट हो गईं.

इस तरह मंधाना ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर अपने पहले टी20 शतक से चूक गईं और 55 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुईं. उनकी इस पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे. मंधाना ने इस दौरान रॉड्रिग्स के साथ मिलकर दूसरे विकेट लिए 121 रन की साझेदारी की. मंधाना के आउट होने के बाद रॉड्रिग्स और ऋचा घोष ने तेजी से कुछ रन बटोरे, जिसकी मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए.

ऑस्ट्रेलिया में बना दिया रिकॉर्ड

अपनी इस पारी के दौरान स्मृति मंधाना ने एक खास रिकॉर्ड भी बनाया. वो ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर एक टी20 मैच की पारी में 80 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज बन गई. 2016 में पहली बार ऑस्ट्रेलिया में टी20 मैच खेलने वाली मंधाना ने 10 साल बाद इस देश में अपनी सबसे बड़ी टी20 पारी खेली. इतना ही नहीं, ऑस्ट्रेलिया में टी20 इंटरनेशनल में 500 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली भारतीय बल्लेबाज भी बन गई हैं. उनके नाम अब 18 पारियों में 529 रन हो गए हैं, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं.