Brian Bennett in T20 World Cup 2026: इस बार के टी20 वर्ल्ड कप में 20 टीमों ने हिस्सा लिया है. हर टीम के बल्लेबाज क्रीज पर उतरे. उन्होंने अपनी पारियां भी खेली और आउट भी हुए. मगर जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट की कहानी जरा हटकर रही. जिम्बाब्वे का ये बल्लेबाज किसी भी मैच में आउट नहीं हुआ है. एक भी मैच में बिना आउट हुए ही उन्होंने अपनी टीम के लिए ग्रुप स्टेज में सबसे ज्यादा रन तो बनाए ही है. उसके साथ-साथ जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचाने और उसे ग्रुप बी की नंबर वन टीम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
किसी मैच में आउट नहीं, ठोके 175 रन
जिम्बाब्वे ने ग्रुप स्टेज पर 4 मुकाबले खेले, जिसमें से एक मैच आयरलैंड के खिलाफ उसका बारिश की भेंट चढ़ गया. उस मैच में तो ब्रायन बेनेट को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला. लेकिन उसके अलावा बाकी 3 मैचों की 3 पारियों में नाबाद रहते हुए कुल मिलाकर उन्होंने 175 रन बनाए. इस दौरान ओमान के खिलाफ खेले पहले मैच में वो 48 रन बनाकर नाबाद रहे. जबकि उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो पारियों में उन्होंने दो नाबाद अर्धशतक जड़े. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 56 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए जबकि श्रीलंका के खिलाफ 48 गेंदों पर 66 रन बनाकर नाबाद रहे.
ग्रुप स्टेज पर सबसे ज्यादा रन, अब सुपर-8 में दिखेगा दम
T20 वर्ल्ड कप 2026 में ब्रायन बेनेट जिम्बाब्वे की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचाने में किस तरह की भूमिका निभाई है, उस बारे में टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड बेहतर बताता है. लेकिन, काम अभी पूरा नहीं हुआ है. ग्रुप स्टेज पर जो कमाल उन्होंने किया है, उसे अब सुपर-8 में करने की बारी है.
ब्रायन बेनेट के अलावा डेविड मिलर भी अब तक आउट नहीं
T20 वर्ल्ड कप 2026 में कम से कम 3 पारियां खेल चुके बल्लेबाजों के बीच ब्रायन बेनेट किसी भी मैच में आउट नहीं होने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. उनके अलावा डेविड मिलर का भी ऐसा ही रिपोर्ट कार्ड है. हालांकि, उन्होंने अपनी 3 पारियों में 83 रन ही मारे हैं. साउथ अफ्रीका के मिलर, कनाडा के खिलाफ नाबाद 39 रन, अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 20 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 24 रन बनाए हैं.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें