लगातार 3 मैच जीतकर बड़ी आसानी से अगले राउंड में पहुंचने वाली टीम इंडिया एक बार फिर मैदान में उतरने को तैयार है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में भारतीय टीम का सामना नीदरलैंड से होगा. जहां टीम इंडिया सुपर-8 राउंड में पहुंच चुकी है तो वहीं नीदरलैंड भी पहले ही बाहर हो चुकी है. ऐसे में इस मुकाबले की ज्यादा अहमियत नहीं है और न ही इसके नतीजे का असर ग्रुप ए में बहुत पड़ने वाला है. इसको देखते हुए अहमदाबाद में होने वाले मैच के लिए टीम इंडिया अपनी प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव कर सकती है, जिसमें स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का बाहर बैठना तय है.
बुधवार 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रुप ए का ये आखिरी मैच होगा. दोनों टीम की किस्मत लगभग पहले ही तय हो चुकी है. ऐसे में इस मैच की ज्यादा अहमियत तो नहीं है, कम से कम टीम इंडिया के लिए नहीं है. मगर इसका फायदा उठाकर वो सुपर-8 राउंड से ठीक पहले कुछ खिलाड़ियों को आराम दे सकती है, ताकि वो आने वाली चुनौती के लिए तैयार हो जाएं.
कौन करेंगे आराम, किसे मिलेगा का?
मैच से एक दिन पहले मंगलवार 17 फरवरी को असिस्टेंट कोच सितांशु कोटक ने एक तरह से इसकी पुष्टि भी की, जब उन्होंने बताया कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस मैच से आराम दिया जा सकता है. मगर सिर्फ बुमराह ही नहीं, बल्कि 2 अन्य खिलाड़ियों को भी टीम इंडिया रेस्ट दे सकती है, ताकि अगले राउंड के लिए वो तैयार रहें. बुमराह के अलावा हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी इस मैच से रेस्ट दिया जा सकता है.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें
रिप्लेसमेंट की बात करें तो बुमराह की जगह एक बार फिर अर्शदीप सिंह की वापसी हो सकती है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप को पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर किया गया था. मगर वो अब फिर से लौट सकते हैं. वहीं हार्दिक को रेस्ट देकर टीम मोहम्मद सिराज को भी फिर से मौका दे सकती है, जो पहले मैच में प्लेइंग-11 का हिस्सा थे. जहां तक स्पिन डिपार्टमेंट का सवाल है तो वरुण की जगह वॉशिंगटन सुंदर को खेलने का मौका मिल सकता है. सुंदर ही भारतीय स्क्वॉड के एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव.