Ishan Kishan Video: अरे भाई खून में बिहार है…पाकिस्तान को देखकर क्यों आ जाता है ईशान किशन को गुस्सा

IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने एकतरफा जीत दर्ज की और इस जीत के हीरो रहे ईशान किशन, जिन्होंने मुश्किल बैटिंग पिच पर 40 गेंदों में 77 रन बनाए. ईशान की इस पारी के दम पर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की. पाकिस्तान के खिलाफ ईशान की बेहतरीन पारी के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो बता रहे हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए उन्हें मानो कुछ हो जाता है. ईशान ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच उनके लिए सिर्फ खेल नहीं है, वो इससे कई बढ़कर है.

ईशान किशन का ये वीडियो देखा क्या?

ईशान किशन का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें वो अपने देसी अंदाज में गजब बातें कह रहे हैं. ईशान किशन ने कहा, ‘पाकिस्तान को देखकर अंदर से बहुत ज्यादा मोटिवेशन मिलती है. हमेशा ऐसा नहीं होता है कि जाना है, रन बनाना है. किसी किसी टीम को देखकर लगता है कि या तो इन्हें तबाह कर दो या खुद तबाह हो जाओ. मैं इतना अच्छा लड़का नहीं हूं. मुझे आता ही है गुस्सा कि चाहे जो हो जाए, इन्हें देना ही है. और इंतजार करते हैं कि मुंह तो अगला खोले. कहां निकलेगा अपना गुस्सा. अरे भाई खून में बिहार है.’

ईशान को पाकिस्तान पसंद है

बता दें ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी बार तूफानी बैटिंग की है. इससे पहले वो साल 2023 में एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरे थे, जहां उन्होंने पांचवें नंबर पर उतरकर 82 रनों की पारी खेली थी. ईशान ने उस पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए थे. टीम इंडिया ने उस मुकाबले में 266 रन बनाए थे हालांकि बारिश के चलते वो मैच रद्द हो गया.

अब एक बार फिर ईशान किशन पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरे और उन्होंने कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तानी गेंदबाजों की तबीयत से पिटाई की. ईशान ने अपनी पारी में 3 छक्के और 10 चौके लगाए. कोलंबो की मुश्किल पिच पर सिर्फ ईशान किशन ही अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. उनकी पारी के दम पर 20 ओवर में भारत ने 175 रन बनाए जो कि पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा स्कोर साबित हुआ. पाकिस्तान की टीम सिर्फ 114 रनों पर ढेर हो गई.