IND vs PAK: भारत की जर्सी का रंग नीला और पाकिस्तान का हरा क्यों? जानिए वजह

India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान की टीमें एक बार फिर आमने-सामने हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ये दोनों टीमें कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भिड़ने वाली हैं. मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है क्योंकि दोनों ही टीमों के पास एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं. एक ओर जहां भारतीय टीम तूफानी खेल दिखाने में माहिर है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी स्पिनर्स भी रंग में हैं. वो अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन के लिए बड़े खतरे की तरह हैं. खैर इस मैच में कौन जीतेगा ये तो मुकाबले के बाद ही पता चलेगा लेकिन पहले आपको बताते हैं इन दोनों ही टीमों का एक ऐसा फैक्ट जो बहुत कम लोग जानते हैं. आइए आपको बताते हैं कि आखिर क्यों भारत की टीम नीली और पाकिस्तान की टीम हरी जर्सी पहनती है.

भारत की जर्सी नीली क्यों?

90 के दशक में वनडे क्रिकेट में रंगीन जर्सी की शुरुआत हुई और हर टीम को अलग-अलग रंग चुनने पड़े. भारत के तिरंगे में तीन कलर हैं, केसरिया, सफेद और हरा लेकिन इनमें से टीम इंडिया को रंग आसानी से नहीं चुन सकी क्योंकि केसरिया को राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना गया, क्योंकि ये कुछ राजनीति और धार्मिक गुटों से जुड़ा हो सकता था. सफेद रंग वनडे क्रिकेट के लिए चुना नहीं जा सकता था, वहीं हरा रंग पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका जैसी टीमों ने चुन लिया था. इसके बाद टीम इंडिया ने नीला रंग चुना जो तिरंगे के बीच में अशोक चक्र का रंग है. नीला रंग किसी खास धर्म या राजनीति से नहीं जुड़ा था, इसलिए भारत ने नीली जर्सी चुनी.

पाकिस्तान की जर्सी हरी क्यों?

पाकिस्तान का नेशनल फ्लैग हरे रंग का है और हरा रंग इस्लाम से मजबूती से जुड़ा हुआ है इसलिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने शुरू से ही हरी जर्सी अपनाई. ये रंग उनके राष्ट्रीय पहचान का सीधा हिस्सा है और शुरुआत से लेकर आजतक पाकिस्तानी टीमों ने हरे रंग की जर्सी ही पहनी है.

बता दें पाकिस्तान और भारत की टीमें कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में 14 साल बाद टी20 मैच खेलने वाली हैं. यहां खेले गए तीन इंटरनेशनल मैचों में से एक मैच पाकिस्तान और दो भारत ने जीते हैं.