Rain in IND vs PAK match in Colombo: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा या नहीं, पहले तो इसे लेकर ही सवाल था. लेकिन, वो सवाल जब सुलझा तो अब कोलंबो के मौसम ने महामुकाबले में रोड़ा अटका दिया है. 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम पर होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान कोलंबो में बारिश के आसार हैं. तो क्या भारत-पाक मैच बारिश में धुल जाएगा? जिस मुकाबले को लेकर लोग पलकें बिछाए बैठे थे, उसे बिना देखे ही लोगों को रहना पड़ेगा? या फिर भारत-पाकिस्तान महामुकाबले के ओवर्स में कटौती देखने को मिलेगी? इन सवालों के जवाब जानने के लिए पहले कोलंबो के मौसम के मिजाज को भांपना होगा.
शाम 7 बजे से शुरू होगा भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला जिस वक्त पर श्रीलंका में शुरू होगा यानी कि शाम के 7 बजे, भारतीय समयानुसार भी मुकाबले की टाइमिंग ठीक वही होगी. ऐसा इसलिए क्योंकि भारत और श्रीलंका एक ही टाइमजोन में आते हैं. अब समस्या ये है कि कोलंबो में उसी दौरान बारिश है. हालांकि, एक अच्छी बात ये हुई है कि बारिश के अनुमान में थोड़ी कमी देखने को मिली है.
भारत-पाक मैच में बारिश का अनुमान थोड़ा घटा
BBC वेदर के मुताबिक पहले 15 फरवरी की शाम 6 से 9 के बीच भारी बारिश के आसार थे, लेकिन अब उसमें कमी देखने को मिली है. पहले जो तस्वीर मौसम अपडेट की सामने आई थी उसके मुताबिक कोलंबो में 15 फरवरी को शाम 6 बजे 51 प्रतिशत बारिश थी, शाम 7 बजे 57 प्रतिशत, शाम 8 बजे 65 प्रतिशत और रात के 9 बजे 45 प्रतिशत.
लेकिन, अब जो मौसम का हाल दिख रहा है, उसके मुताबिक शाम साढ़े 6 बजे यानी टॉस के वक्त 50 प्रतिशत बारिश के आसार हैं. वहीं शाम के साढ़े 7 बजे बजते वो घटकर 40 प्रतिशत रह जाता है. वहीं साढ़े 8 बजे के लगभग वो और कम हो जाता है और घटकर 27 प्रतिशत रह जाता है. अच्छी बात ये है कि आगे बारिश के आसार और घटते ही दिख रहा है.
क्रिकेट फैंस के लिए क्या है खास बात?
कहते हैं कोलंबो के मौसम का अंदाजा लगाना आसान नहीं होता. लेकिन, BBC वेदर के मुताबिक फिलहाल तो हाल वहां के मौसम और बारिश के आसार का दिखा है, उसे देखकर इतना जरूर कहा जा सकता है कि भले ही मैच शुरू होने में देरी हो. उसमें कुछ वक्त के लिए रुकावट आए. लेकिन, उसके होने की उम्मीद है, जो कि क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है.