IPL 2026 का इंतजार क्यों करना अगर वैभव सूर्यवंशी उससे पहले ही धमाले मचाने को तैयार हों. जी हां, ऐसा होता बिल्कुल मुमकिन दिख रहा है. जिस T20 टूर्नामेंट के एक ही मैच में हार्दिक पंड्या ने 20 छक्के उड़ाए थे, अब वहां पर वैभव सूर्यवंशी का तूफान आएगा. इसलिए कमर कस लीजिए क्योंकि ज्यादा दिन नहीं जब छोटी उम्र के वैभव उस टूर्नामेंट में अपनी बड़ी छाप छोड़ते दिखेंगे. हम बात कर रहे हैं मुंबई में 23 फरवरी से शुरू होने वाले DY Patil T20 Tournament की, जिसमें वैभव सूर्यवंशी के खेलने पर जल्दी ही मुहर लग सकती है. इसे लेकर बातचीत का दौर जारी है.
DY Patil T20 टूर्नामेंट में खेल सकते हैं सूर्यवंशी
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार वैभव सूर्यवंशी और टूर्नामेंट के आयोजकों से जुड़े करीबी सूत्रों ने बताया कि बातचीत चल रही है. इसके पूरे आसार हैं कि वैभव सूर्यवंशी इस बार DY Patil T20 टूर्नामेंट में खेलते दिखें. 16 टीमों वाला ये टूर्नामेंट आईपीएल 2026 से पहले आयोजित होगा, जिसके कुछ और इंटरनेशनल प्लेयर भी खेल सकते हैं.
हार्दिक पंड्या का दिख चुका है प्रहार
DY Patil T20 टूर्नामेंट टीम इंडिया के उन सितारों के लिए बड़ा प्लैटफॉर्म होता है, जो टीम में वापसी करने वाले होते हैं, जिन्हें मैच फिटनेस हासिल करनी होती है. 2020 में जब हार्दिक पंड्या इंजरी के बाद टीम इंडिया में वापस लौटे थे. उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में चुना गया था तो उससे पहले उन्होंने डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में उतरकर जोरदार हाथ आजमाए थे. उन्होंने सिर्फ 2 दिन के अंतराल में दो तूफानी शतक जड़े थे, जिसमें से एक में तो छक्कों की लाइन लगा दी थी.
पंड्या ने एक ही मैच में उड़ाए थे 20 छक्के
हार्दिक पंड्या ने डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में 6 मार्च 2020 को BPCL के खिलाफ खेले सेमीफाइनल मुकाबले में रिलायंस 1 की तरफ से खेलते हुए सिर्फ 55 गेंदों में 158 रन ठोके थे, जिसमें 20 छक्के और 6 चौके शामिल थे. ये उस साल डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में हार्दिक पंड्या के बल्ले से निकला लगातार दूसरा शतक था. इससे पहले 4 मार्च 2020 को खेले मुकाबले में उन्होंने 10 छक्कों के साथ 37 गेंदों पर शतक जमाया था.
अब वैभव सूर्यवंशी का आएगा तूफान!
साल 2026 में होने वाले DY Patil T20 टूर्नामेंट में अब सभी की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर जमी है तो उसकी वजह भी है. वैभव सूर्यवंशी अभी-अभी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में धमाका करके आ रहे हैं. उन्होंने वहां 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए थे. इस साल अब तक वैभव 2 शतक अंडर 19 क्रिकेट में ठोक चुके हैं.
टूर्नामेंट से पहले घर जाएंगे सूर्यवंशी- सूत्र
फिलहाल, वो तालेगांव में राजस्थान रॉयल्स के लगे कैंप का हिस्सा हैं. ये कैंप 21 फरवरी को खत्म होगा. सूत्रों के मुताबिक राजस्थान रॉयल्स का कैंप खत्म होने के बाद वो अपने होम टाउन जाएंगे और उसके बाद लौटकर डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में खेल सकते हैं.
23 साल पुराना है DY Patil T20 टूर्नामेंट
DY Patil T20 टूर्नामेंट हर साल आयोजित होता है. इसका आयोजन डीवाई पाटिल स्टेडियम में होता है. ये देश के सबसे पुराने T20 टूर्नामेंट में से एक है, जिसकी शुरूआत साल 2003 में हुई थी. अगर वैभव सूर्यवंशी इसमें खेलते हैं, जिसकी पूरी उम्मीद है तो फिर IPL 2026 से पहले ही उनके दीवानों को बरसते छक्कों पर झूमने का अच्छा मौका मिलेगा.