IND vs NAM: नामीबिया का डॉक्टर, जिसने सचिन को आउट कर रचा इतिहास, आज है देश की क्रिकेट का अध्यक्ष

India vs Namibia: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की अगली टक्कर अब नामीबिया के साथ है. ICC टूर्नामेंट में ये इन दोनों टीमों की तीसरी भिड़ंत होगी. इससे पहले 2003 के वनडे वर्ल्ड कप और 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में इनका आमना-सामना हुआ था, जहां भारत ने नामीबिया को हरा दिया था. इस बार भी पलड़ा टीम इंडिया का ही भारी है. मगर यहां सवाल इस बात का नहीं कि कौन टीम किस पर बीस है. बल्कि, सवाल ये है कि क्या आप सचिन तेंदुलकर का विकेट लेकर छा जाने वाले नामीबिया के डॉक्टर के बारे में जानते हैं? हम बात कर रहे हैं सिर्फ डॉक्टर ही नहीं बल्कि नामीबिया के मल्टी टैलेंटेड मैन रुडी वैन वुरेन की.

मल्टी टैलेंटेड रुडी वैन वुरेन आज हैं नामीबिया क्रिकेट के प्रेसीडेंट

हिंदी में वो पढ़ा है ना एक शब्दों के बदले अनेक शब्द, ठीक वैसे ही नामीबिया के रुडी वैन वुरेन के लिए भी क्रिकेटर, डॉक्टर, वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्टर, रग्बी प्लेयर, प्रेसीडेंट जैसे अनेक शब्द हैं. रुडी वैन वुरेन की उम्र फिलहाल 53 साल है और वो नामीबिया क्रिकेट को चलाने का काम कर रहे हैं. वो अभी क्रिकेट नामीबिया के प्रेसीडेंट हैं. मगर साथ ही साथ वो एक क्वालिफाइड डॉक्टर भी हैं.

देश के राष्ट्रपति के निजी डॉक्टर रहे

रुडी वैन वुरेन ने अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई 1990 के दशक की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के स्टेलेनबॉश यूनिवर्सिटी से की थी. वो नामीबिया के राष्ट्रपति हेग जेनगॉब के निजी फिजिशियन भी रह चुके हैं. साल 2000 में उन्होंने मार्लिस वैन वुरेन से शादी की, जो एक पर्यावरण संरक्षक थी. अपनी पत्नी के साथ मिलकर उन्होंने अपना एक वाइल्डलाइफ अभयारण्य भी खोला.

जब रुडी वैन वुरेन ने रचा इतिहास

लेकिन, जीवन की इन उपलब्धियों के बीच रुडी वैन वुरेन ने असली नाम तब कमाया जब वो एक ही कैलेंडर ईयर में दो स्पोर्ट्स के वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने. साल था 2003. इस साल उन्होंने क्रिकेट वर्ल्ड कप तो खेला ही उसके अलावा रग्बी वर्ल्ड में भी नामीबिया का प्रतिनिधित्व किया और इतिहास रचा.

2003 वर्ल्ड कप में सचिन-सहवाग को किया आउट

2003 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान सचिन तेंदुलकर का विकेट लेकर वो छा गए थे. नामीबिया के खिलाफ 2003 वर्ल्ड कप में 152 रन की लंबी पारी खेलने के बाद सचिन तेंदुलकर थक चुके थे. वुरेन ने उसी दौरान उनका विकेट ले लिया. उन्होंने सचिन को क्लीन बोल्ड कर दिया.

View this post on Instagram

A post shared by ICC (@icc)

2003 के वनडे वर्ल्ड कप में रुडी वैन वुरेन ने सिर्फ सचिन तेंदुलकर को ही आउट नहीं किया था. बल्कि, उन्हें आउट करने से पहले रुडी वैन वुरेन ने वीरेंद्र सहवाग को भी आउट किया था. मतलब, टीम इंडिया के दोनों ओपनर या यूं कहें कि भारतीय बल्लेबाजी क्रम के दो सबसे धुरंधर बल्लेबाजों के विकेट रुडी वैन वुरेन ने ही चटकाए थे.उन्होंने उस मैच में 10 ओवर में 53 रन देकर ये दोनों विकेट झटके थे.

टी20 वर्ल्ड कप की हर ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

उस वर्ल्ड कप के बाद रुडी वैन वुरेन ने नामीबिया के लिए फिर और कोई क्रिकेट मैच नहीं खेला. इंटरनेशनल क्रिकेट के अपने करियर में 5 मैच खेलकर उन्होंने 8 विकेट झटके. बड़ी बात ये रही कि उनमें एक विकेट सचिन तेंदुलकर का भी रहा.