Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी के तीसरे क्वार्टर फाइनल में कुछ ऐसा देखने को मिला है जो इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार हुआ है. बंगाल के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी आंध्र प्रदेश के खिलाफ 299 रनों पर बोल्ड हो गए. दाएं हाथ का ये बल्लेबाज महज एक रन से तिहरा शतक चूक गया. सुदीप कुमार आसानी से अपना तिहरा शतक पूरा कर सकते थे लेकिन शेख रशीद की गेंद पर वो बोल्ड हो गए और उनकी मैराथन पारी का दुखद अंत हो गया.
सुदीप कुमार घरामी का अनचाहा रिकॉर्ड
सुदीप कुमार घरामी ने 299 रन पर आउट होकर एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. रणजी ट्रॉफी में पहली बार कोई खिलाड़ी 299 रन पर आउट हुआ है. इससे पहले शांतनु सुगवेकर 299 रन पर नाबाद रह गए थे. साल 1988-89 में महाराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने मध्य प्रदेश के खिलाफ नाबाद 299 रन बनाए थे. अब सुदीप कुमार घरामी ने इस स्कोर पर आउट होने का रिकॉर्ड बनाया है.
सुदीप कुमार घरामी की कमाल पारी
सुदीप कुमार घरामी खेल के दूसरे दिन क्रीज पर उतरे और उन्होंने 96 गेंदों में अर्धशतक लगाया. दिन खत्म होते-होते ये खिलाड़ी 157 गेंदों में शतक तक पहुंच गए. घरामी ने तीसरे दिन भी संयम से काम लिया और वो 270 गेंदों में 150 रनों तक पहुंचे. 415 गेंदों में सुदीप दोहरे शतक तक पहुंचे, पहली बार रणजी ट्रॉफी करियर में उन्होंने ये कारनामा किया था. ये खिलाड़ी तिहरा शतक भी लगा सकता था लेकिन 596 गेंदों में उनकी पारी का अंत हो गया. इस खिलाड़ी ने 31 चौके और 6 छक्के लगाए.