T20 WC: एक खिलाड़ी आएगा अंदर, एक जाएगा बाहर! नामीबिया के खिलाफ टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बदलाव तय

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत शानदार जीत के साथ की है। पहले मैच में अमेरिका को 29 रनों से हराने के बाद अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के साथ होगा।

अमेरिका के खिलाफ एक समय भारत 77 रन पर 6 विकेट खोकर मुश्किल में था, लेकिन सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की बेहतरीन पारी ने टीम को 161 के स्कोर तक पहुंचाया जो जीत के लिए काफी साबित हुआ।

टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में होगा बदलाव

नामीबिया के खिलाफ होने वाले दूसरे मैच के लिए भारतीय प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, जो वायरल फीवर की वजह से पहले मैच से बाहर थे, उनका वापसी करना लगभग तय है। बुमराह के आने से टीम को अर्शदीप सिंह या मोहम्मद सिराज में से किसी एक को बाहर बैठाना होगा। हालांकि सिराज ने पिछले मैच में तीन विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन अर्शदीप के बाएं हाथ के गेंदबाज होने की वैराइटी उन्हें थोड़ा बढ़त दिला सकती है।

कुलदीप की वापसी मुश्किल

स्पिन विभाग की बात करें तो कुलदीप यादव को पिछले मैच में मौका नहीं मिला था क्योंकि टीम ने बल्लेबाजी को मजबूती देने के लिए रिंकू सिंह को चुना था। नामीबिया के खिलाफ भी कुलदीप की वापसी की संभावना कम ही लग रही है क्योंकि भारत के पास पहले से ही हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे जैसे गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा भी गेंदबाजी का जिम्मा संभाल सकते हैं।संजू सैमसन बेंच पर ही रहेंगे

ओपनिंग बल्लेबाज ईशान किशन और अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ फ्लॉप रहे थे, लेकिन फिलहाल उनकी जगह को कोई खतरा नहीं दिख रहा है। इसका सीधा मतलब यह है कि संजू सैमसन को दूसरे मैच में भी बेंच पर ही बैठना पड़ सकता है। कुल मिलाकर टीम काफी संतुलित नजर आ रही है और बुमराह की वापसी के अलावा प्लेइंग इलेवन में किसी बड़े फेरबदल की गुंजाइश कम ही है।

नामीबिया बनाम भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन:

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह

Leave a Comment