Pakistan Jersey: पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप जर्सी में ISI का लोगो? जानिए क्यों किया ऐसा?

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड वैसे ही टी20 वर्ल्ड कप से पहले विवादों में चल रहा है. पीसीबी ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार कर दिया है. इसी विवाद के बीच अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम की टी20 वर्ल्ड कप जर्सी लॉन्च हो गई है और वो भी विवाद का विषय बन गई है. दरअसल पाकिस्तान की जर्सी पर एक जानवर की तस्वीर छपी है जिसे मारखोर कहते हैं. मारखोर पाकिस्तान का राष्ट्रीय पशु है और इसकी तस्वीर पाकिस्तान की जर्सी पर छपी है. दिलचस्प बात ये है कि इसी जानवर की तस्वीर पाकिस्तानी इंटेलिजेंस एजेंसी आईएसआई भी इस्तेमाल करती है.

पाकिस्तान की जर्सी लॉन्च

पाकिस्तान की टी20 वर्ल्ड कप जर्सी हरे रंग की तो है ही लेकिन इसमें बीच में काले-काले निशान भी हैं. इसका फैंस का काफी ज्यादा मजाक बना रहे हैं. इस जर्सी पर मारखोर का ग्राफिक्स भी लगा है जो कि पाकिस्तानी जर्सी पर पहली बार दिखाई दिया है. बता दें मारखोर एक जंगली बकरी की प्रजाति है. ये दुनिया की सबसे बड़ी जंगली बकरी की प्रजातियों में से एक है. ये हिमालय और काराकोरम के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में पाई जाती है. ये पाकिस्तान का नेशनल एनिमल है, जम्मू-कश्मीर, अफगानिस्तान में भी ये पाई जाती है.

पाकिस्तान का विवादित फैसला

पाकिस्तान की टीम श्रीलंका पहुंच गई है. ये टीम अपने टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले श्रीलंका में खेलेगी. हालांकि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ लीग मैच खेलने से इनकार कर दिया है जिसके बाद से क्रिकेट की दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है. पाकिस्तान के इस कदम से आईसीसी को करोड़ों का नुकसान होगा. यही वजह है कि आईसीसी ने पाकिस्तान को चेतावनी भी दी है. पाकिस्तान अगर भारत के खिलाफ लीग मैच का बॉयकॉट करता है तो उसे भारी सजा झेलनी पड़ सकती है.