श्रीलंका जाएगी टीम इंडिया, तय कार्यक्रम के अनुसार होगी तैयारी
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम श्रीलंका रवाना होगी, तय समय पर अभ्यास सत्र करेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेगी और मैच के दिन स्टेडियम पहुंचकर मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था।
भारत के खिलाफ नहीं उतरेगी पाकिस्तान टीम
पाकिस्तान को उसकी सरकार की ओर से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की अनुमति मिल चुकी है, लेकिन सरकार और PCB ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत के खिलाफ मुकाबले में टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। इसी कारण यह हाई-वोल्टेज मैच फिलहाल अधर में लटका हुआ है।
BCCI सूत्र का बयान
एक BCCI सूत्र ने इस पूरे मामले पर ANI से कहा— ‘टीम इंडिया श्रीलंका जाएगी और ICC के सभी नियमों का पालन करेगी। टीम तय शेड्यूल के अनुसार अभ्यास करेगी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी, समय पर स्टेडियम पहुंचेगी और मैच रेफरी द्वारा मैच रद्द किए जाने का इंतजार करेगी।’
क्या भारत को मिलेंगे 2 अंक?
ICC के प्लेइंग कंडीशंस के अनुसार, अगर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए मैदान पर उपस्थित नहीं होते हैं, तो भारत को वॉकओवर मिलेगा और 2 अंक दिए जाएंगे, ऐसा होने की स्थिति में पाकिस्तान की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है।
ICC ने PCB को दी कड़ी चेतावनी
पाकिस्तान के इस फैसले से ICC भी खुश नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने PCB को चेताया है कि यह बहिष्कार पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य,अंतरराष्ट्रीय छवि और वैश्विक क्रिकेट इकोसिस्टम पर गंभीर असर डाल सकता है।
ICC ने अपने बयान में कहा— ‘ICC को उम्मीद है कि PCB इस फैसले के अपने देश के क्रिकेट पर पड़ने वाले दीर्घकालिक प्रभावों पर विचार करेगा। भले ही ICC राष्ट्रीय नीतियों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह निर्णय वैश्विक क्रिकेट और दुनिया भर के फैंस, खासकर पाकिस्तान के करोड़ों प्रशंसकों के हित में नहीं है।’
भारत-पाकिस्तान का वर्ल्ड कप शेड्यूल
दोनों टीमें ग्रुप A में शामिल हैं और अपने-अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को करेंगी— भारत बनाम USA, पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स, अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पाकिस्तान अपने फैसले पर यू-टर्न लेता है या फिर भारत को वॉकओवर के साथ अंक मिलते हैं।