करीब सवा दो साल बाद टीम इंडिया में लौटे ईशान किशन ने धमाकेदार अंदाज में वापसी की. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बैकअप विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर चुने गए ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अंधाधुंध रन बरसाते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की. दूसरी ओर, टीम के मुख्य कीपर-बैटर संजू सैमसन का पूरी सीरीज में प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जिसके चलते वर्ल्ड कप में ईशान को उनकी जगह प्लेइंग-11 में जगह बनाने का अच्छा विकल्प माना जा रहा है. मगर इस बीच ईशान की एक ऐसी कमजोरी सामने आ गई, जो सैमसन के लिए जीवनदान साबित हो सकती है.
सीरीज में ईशान की आतिशी बैटिंग
तिरुवनंतपुरम में टी20 सीरीज का आखिरी मैच ईशान के नाम रहा. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 271 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इसकी असली वजह बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान रहे, जिन्होंने सिर्फ 43 गेंदों 103 रन की हैरतअंगेज पारी खेली. इस सीरीज में ईशान की ये दूसरी बड़ी पारी थी. इससे पहले उनके बल्ले से दूसरे टी20 में भी 76 रन की ताबड़तोड़ पारी निकली थी. इस तरह ईशान ने सीरीज का अंत 4 पारियों में 215 रन के साथ किया.
मगर एक कमजोरी ने दी टेंशन
ये प्रदर्शन ईशान को वर्ल्ड कप में प्लेइंग-11 में जगह बनाने का मजबूत दावेदार बनाता है. खास तौर पर जिस तरह का प्रदर्शन पूरी सीरीज में संजू सैमसन का रहा, उसे देखते हुए ईशान उनसे आगे नजर आते हैं. मगर आखिरी मैच में ईशान की ऐसी कमजोरी सामने आई, जिसके चलते सैमसन को प्लेइंग-11 से ड्रॉप करना मुश्किल साबित हो सकता है. असल में 5वें टी20 में टीम इंडिया ने ईशान किशन को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी दी और यहां वो कमजोर साबित हुए.
टीम इंडिया ने ये मैच तो जीता लेकिन इस दौरान ईशान विकेट के पीछे बेअसर दिखे. उन्होंने इस दौरान 2 बार स्टंपिंग छोड़ी. उन्होंने 9वें ओवर में पहले तो फिन ऐलन को स्टंप आउट करने का मौका गंवाया, जब वो 73 रन पर थे. इसके बाद 17वें ओवर में वो ईश सोढ़ी की स्टंपिंग से भी चूक गए. सोढ़ी तब 1 रन पर थे और आखिरकार 33 रन बनाकर आउट हुए. इतना ही नहीं, इस पूरे मैच के दौरान उन्होंने बाय के 8 रन भी अतिरिक्त दे दिए, जबकि सैमसन ने पिछले चार मैचों में मिलाकर भी सिर्फ 5 ही अतिरिक्त रन दिए थे.
जगह बचा लेंगे सैमसन?
सैमसन के लिए ये सीरीज अच्छी नहीं रही और वो 5 मैच में 46 रन ही बना सके. इस प्रदर्शन के बाद उन्हें प्लेइंग-11 में बनाए रखना मुश्किल लग रहा है. खास तौर पर ईशान की फॉर्म और तिलक वर्मा के फिट होकर लौटने के कारण हालात उनके पक्ष में नजर नहीं आ रहे. मगर ईशान की कीपिंग को देखकर उन पर ये जिम्मेदारी देने का भरोसा नहीं बन पाता क्योंकि वर्ल्ड कप के दौरान ये गलतियां नुकसानदायक हो सकती हैं. ऐसे में सैमसन अपनी जगह बचाए रखने में सफल हो सकते हैं.