रोहित शर्मा आईपीएल 2027 में बतौर कप्तान खेलते हुए नजर आएंगे। मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल खिताब जीता था। तब रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने पांचवीं बार यह ट्रॉफी अपने नाम की थी।
हालांकि इसके बाद से 2023 तक रोहित और फिर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम एक बार भी चैंपियन नहीं बन पाई, वहीं पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने रोहित से कप्तानी संभालने के लिए संपर्क किया था और 5 बार के चैंपियन कप्तान ने काफी सोच-विचार के बाद हामी भरी। टीम के कोच कीरोन पोलार्ड ने रोहित के दोबारा कप्तान बनने पर उनकी प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनका मकसद एक ही है।
केवल रोल बदला है
मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर वीडियो में पोलार्ड ने कहा, ”हमने लंबे समय तक उतार-चढ़ाव देखे हैं , वो आगे भी हमारे लिए बहुत काम आएंगे। वह मेरे पूरे करियर के दौरान मुंबई में एक लीडर रहे हैं। 2013 में जब वह कप्तान बने, हमने साथ में चैंपियनशिप जीता। केवल रोल बदला है लेकिन वही जुनून और जज्बा बरकरार रहेगा क्योंकि हमारा एक ही गोल है। जीतना और मस्ती के साथ जीतना। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से उस नजरिए से कुछ भी अलग नहीं होने वाला है।”
पोलार्ड ने कई साल तक रोहित की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाली। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 2019 में टीम की कप्तानी की थी। उनके नेतृत्व वमें टीम ने 6 मैच में से चार जीते हैं। पोलार्ड ने डेब्यू से लेकर संन्यास तक मुंबई के लिए ही खेला। उन्होंने 2022 में संन्यास ले लिया था। वह रोहित की कप्तानी में पांच बार चैंपियन बनने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। अगला साल रोहित के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का आखिरी साल हो सकता है। वहीं, 2027 आईपीएल के बाद मेगा नीलामी भी होनी है। हालांकि, 39 वर्षीय रोहित फिलहाल भविष्य को लेकर ज्यादा दूर की नहीं सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा, ”यह निश्चित रूप से काफी रोमांचक साल होने वाला है। लेकिन मैं अभी बहुत आगे के बारे में नहीं सोचना चाहता। मेरे सामने जो भी चुनौती आएगी, मैं पहले उस पर ध्यान दूंगा और फिर आगे बढ़ता रहूंगा। मैंने अपनी जिंदगी में हमेशा यही किया है। ‘’
पोलार्ड मुंबई के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं
इससे पहले रोहित लंबे समय से अपने साथी रहे कीरोन पोलार्ड के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं जिन्हें टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। उन्होंने कहा, ”पोलार्ड मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कई वर्षों तक मुश्किल परिस्थितियों में टीम को संभाला है। वह पिछले कुछ वर्षों से बल्लेबाजी कोच के रूप में भी काम कर रहे हैं इसलिए उन्हें टीम की परिस्थितियों, इसकी संस्कृति और मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के महत्व की अच्छी समझ है। ”
रोहित ने कहा, ”जब मैं कप्तान था तो वह उपकप्तान थे। मैं कई बार उनसे सलाह लेता था और हमने इन मुद्दों पर काफी बातचीत की है। मैं उन्हें मुख्य कोच या किसी खास पद पर बैठे व्यक्ति के रूप में देखने के बजाय एक दोस्त के रूप में देखना चाहूंगा। ”