मुल्डर के दम पर साउथ अफ्रीका का क्लीन स्वीप

नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के आलराउंडर वियान मुल्डर ने सात विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। मेजबान टीम ने बुधवार को तीसरे दिन चाय से पहले बांग्लादेश को पारी और 219 रन से हराकर दो टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।

मुल्डर ने मंगलवार को शतक जड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी सात विकेट पर 494 रन पर घोषित होने के बाद गेंद से भी कमाल किया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया और 31 रन देकर सात विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश की दूसरी पारी 184 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश की टीम पहली पारी में महज 91 रन पर आउट हो गई थी। इस तरह मुकाबला तीन दिन के भीतर ही समाप्त हो गया। इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

मुल्डर ने तस्कीन को किया बोल्ड

बुधवार को बादलों से घिरे मौसम में बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी शुरू की। दक्षिण अफ्रीका ने रात के स्कोर पर पारी घोषित करते हुए 403 रन की बढ़त हासिल की थी। पहला टेस्ट नौ विकेट से गंवाने वाली बांग्लादेश की टीम ने दूसरी पारी में शुरुआती प्रतिरोध दिखाया। तंजीद हसन और महफिजुल इस्लाम ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। हालांकि, इसके बाद टीम ने 20 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए और लंच तक उसका स्कोर तीन विकेट पर 109 रन था। लंच के बाद तौहीद हृदोय ने 33 गेंदों में 41 रन की तेजतर्रार पारी खेली। हालांकि, कैगिसो रबादा की छोटी गेंद पर उन्होंने गली में कैच थमा दिया। इसके बाद मुल्डर ने लिटन दास (15) को बोल्ड कर दिया। दो ओवर बाद उन्होंने गेंद को स्विंग कराते हुए जाकिर अली को आउट किया और अगली ही गेंद पर शोरिफुल इस्लाम को पवेलियन भेज दिया। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 34 रन बनाए, लेकिन मुल्डर की गेंद पर उनके बल्ले का हल्का किनारा लगा और विकेटकीपर ने कैच पकड़ लिया। इसके बाद तस्कीन अहमद (10) भी मुल्डर का शिकार बने। उन्हें मुल्डर ने क्लीन बोल्ड किया।

Leave a Comment