SA vs BAN 2nd Test: साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 नवंबर से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेला जाएगा. पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश की दूसरी पारी 168 रनों पर सिमटने के बाद साउथ अफ्रीका ने 12 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
हालांकि, दूसरे टेस्ट के लिए मेजबान टीम ने चोट और वर्कलोड के चलते अपनी प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव किए हैं.
बावुमा के बाहर होने पर एडेन मार्कराम बने कप्तान
कप्तान टेम्बा बावुमा पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं. उनकी गैरमौजूदगी में एडेन मार्कराम को कप्तान बनाया गया है. मार्कराम न सिर्फ टीम की कमान संभालेंगे, बल्कि पहले टेस्ट में 157 रनों की शानदार पारी खेलने वाले मार्क्स एकरमैन के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे. तीसरे नंबर पर जुबैर हमजा बल्लेबाजी करेंगे, जिन्होंने पिछले मैच में 83 रन बनाए थे और एकरमैन के साथ 202 रनों की बड़ी साझेदारी की थी.
टोनी डी जोरजी की वापसी
टेम्बा बावुमा के बाहर होने से टोनी डी जोरजी को जगह मिली है, जिन्होंने अब तक 17 टेस्ट मैचों में 30.63 की औसत और 2 शतकों की मदद से 919 रन बनाए हैं. उन्होंने अपना पिछला टेस्ट साल 2025 के भारत दौरे पर खेला था, जहां उनका बेस्ट स्कोर 49 रन था. वहीं, पांचवें नंबर पर मैथ्यू ब्रीट्जके को एक और मौका दिया गया है, हालांकि पहले टेस्ट की पहली पारी में वो सिर्फ 2 रन ही बना सके थे और अपने 5 टेस्ट मैचों के करियर में अब तक कुल 65 रन ही जोड़ पाए हैं.
विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकल्टन को पहले टेस्ट में शतक जड़ने के बाद प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखा गया है, वहीं ऑलराउंडर वियान मुल्डर भी टीम में बने हुए हैं. पिछले मैच में 0 पर आउट होने के बावजूद मुल्डर को इस मैच में भी मौका मिला है.
एनरिक नॉर्खिया की एंट्री, डेन पैटरसन हुए बाहर
चोट से वापसी करते हुए रबाडा ने पहले टेस्ट में कुल 8 विकेट झटके थे. वर्कलोड की शिकायत के बावजूद उन्हें आराम नहीं दिया गया है. यानसेन ने पिछले मैच में 2 विकेट लेकर रबाडा का अच्छा साथ निभाया था. तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में चोट से उबरे एनरिक नॉर्खिया को तुरंत टीम में शामिल किया गया है. उनकी वापसी के कारण पिछले मैच में 4 विकेट लेने वाले डेन पैटरसन को बेंच पर बैठना होगा. स्पिन विभाग में साइमन हार्मर मेन स्पिनर की भूमिका निभाएंगे, जिन्होंने पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया था.
दूसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
एडेन मार्कराम (कप्तान), मार्क्स एकरमैन, जुबैर हमजा, टोनी डी जोरजी, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, रयान रिकल्टन (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को यानसेन, कगिसो रबाडा, साइमन हार्मर, एनरिक नॉर्खिया.