इंग्लैंड ने बनाया मेलबर्न के मैदान पर सबसे बड़ा टी20 स्कोर, ब्रूक-बैंटन ने खेली आतिशी पारी

मेलबर्न, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 187 रन बनाए।

टीम की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली।

बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते इंग्लैंड ने मेलबर्न के इस मैदान पर सबसे बड़ा टी20 स्कोर खड़ा करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड भारतीय टीम के नाम था, जिन्होंने टी20 विश्व कप 2022 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 186 रन बनाए थे। यह इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल साल्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि एन्यूरिन डोनाल्ड 7 गेंदों में 10 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। 13 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही इंग्लैंड की पारी को हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने संभाला।

दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 97 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाई। ब्रूक शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने अपना अर्धशतक महज 20 गेंदों में पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अब ब्रूक के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने जोस बटलर का 22 गेंदों में लगाई फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ा।

ब्रूक ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, बैंटन ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 39 रनों की दमदार पारी खेली। सैम करन ने 21 रनों का योगदान दिया, तो विल जैक्स 3 रन ही बना सके। जॉर्डन कॉक्स ने अंत के ओवरों में 20 गेंदों में 27 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं, लियाम डॉसन ने 14 गेंदों में 17 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी में जैक एडवर्ड्स ने 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि निखिल चौधरी बेहद किफायती रहे और उन्होंने 21 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।

Leave a Comment