Sandpapergate Controversy: ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट में 8 साल बाद सैंडपेपरगेट को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस विवाद में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को निशाने पर लिया जा रहा है.
इसके चलते बड़ा सवाल था कि क्या पैट कमिंस इस विवाद के कारण ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी खो सकते हैं? इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से जवाब आया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार (21 नवंबर) को जारी किए गए बयान में कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) का समर्थन किया. उन्होंने साफ किया कि पैट कमिंस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान बने रहेंगे.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक बयान में कहा, ‘2018 में ऑस्ट्रेलियाई मेंस टीम के साउथ अफ्रीका दौरे को लेकर चल रही चर्चाओं के मद्देनजर, CA बोर्ड ने यह सुनिश्चित करने के लिए बैठक की कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की साख और इससे जुड़े सभी लोगों के हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं.’
पैट कमिंस ही रहेंगे कप्तान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने कमिंस के साथ मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें कमिंस के स्वास्थ्य, टीम को जरूरी सहयोग और दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी सीरीज शामिल थी. CA के बयान में आगे कहा गया कि इस बैठक के दौरान, बोर्ड ने पैट कमिंस को कप्तान के रूप में अपना पूरा समर्थन देने का फैसला किया, जिससे ताकि उनके पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग सके. बैठक के बाद, पैट कमिंस ने ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान के रूप में बने रहने के अपने फैसले को दोहराया.
पैट कमिंस का भी आया बयान
CA के अक्ष्यक्ष और CEO से मुलाकात के बाद पैट कमिंस का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि डेविड और टॉड के साथ बातचीत करना उनके लिए बहुत मायने रखता है. ऑस्ट्रेलियाई टीम का कप्तान होना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. मैंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया है और न ही कभी लूंगा. कमिंस ने आगे कहा कि अब उनका पूरा ध्यान और प्राथमिकता पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करने पर होगी.
क्या बोले CA के अक्ष्यक्ष?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों की उथल-पुथल के बावजूद, कप्तान के रूप में कमिंस की ‘ईमानदारी और निष्ठा’ पर कोई आंच नहीं आई है. उन्होंने कहा, ‘हमने पैट के प्रति अपना समर्थन जताया है और साउथ अफ्रीका के 2018 दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के लिए अपनी चिंता व्यक्त की है.’ डेविड बून ने आगे कहा, ‘हमने उस अनुभव से सीखा है. हमें अपनी टीम और उस संस्कृति पर गर्व है जिसे पैट और टीम के अन्य लीडर्स ने पिछले 8 सालों में विकसित किया है. हम इस तरह के किसी भी आरोप को पूरी तरह खारिज करते हैं कि पैट की ईमानदारी पर कोई आंच आई है.’