पाकिस्तान ने 2 साल का सूखा खत्म कर जीता टेस्ट सीरीज, श्रीलंका को 1-0 से रौंदा; ये गेंदबाज बना मैच का हीरो

Test Series After 2 Years: लंबे इंतजार और लगातार मिल रही हार के बाद आखिरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टेस्ट फॉर्मेट में जीत का स्वाद चख लिया है। पिछले दो साल से एक भी टेस्ट सीरीज न जीत पाने का सिलसिला आज यानी शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को टूट गया।

मेजबान पाकिस्तान ने रावलपिंडी में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था।

मोहम्मद अब्बास रहे जीत के हीरो

इस शानदार जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास रहे, जिन्हें बेहतरीन गेंदबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के साथ-साथ ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के खिताब से भी नवाजा गया।

हालांकि, इस जीत के बावजूद  (WTC) के मौजूदा चक्र की अंक तालिका में पाकिस्तान को कोई बड़ा फायदा नहीं हुआ है। पाकिस्तान ने इससे पहले अपनी आखिरी टेस्ट सीरीज अक्टूबर 2024 में जीता था।

 चौथे दिन 13 ओवर में ही समेट दिया खेल

दरअसल, दूसरी पारी में श्रीलंका को 316 रनों पर ऑलआउट करने के बाद  को जीत के लिए महज 90 रनों का आसान लक्ष्य मिला था। मैच के चौथे दिन सुबह के सत्र में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाया और महज 13 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दिलचस्प बात यह रही कि कप्तान बाबर आजम खुद बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे और उन्होंने आमिर जमाल को बल्लेबाजी क्रम में प्रमोट किया। आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान का दबदबा कायम है, दोनों टीमों के बीच हुई पिछली चार सीरीज में से तीन पाकिस्तान ने जीती हैं, जबकि एक ड्रॉ रही है।

पहली पारी में 98 रनों पर ढेर हो गई थी लंका

आपको बता दें कि इससे पहले मैच में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। पाकिस्तानी गेंदबाजों के कहर के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम पहली पारी में महज 98 रनों पर सिमट गई।

श्रीलंका की ओर से कप्तान कुसल मेंडिस (32) और सोनल दिनुशा (21) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास, रजाउल्लाह और आमिर जमाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके।

बल्लेबाजों ने दिलाई मजबूत बढ़त

पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी की और 87.5 ओवर में 325 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर बड़ी बढ़त हासिल की। पाकिस्तान के लिए गाजी गोरी ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए।

उनके अलावा अजान अवैस ने 47, तैयब आरिफ ने 46, रजाउल्लाह ने 42 और साकिब खान ने 37 रनों का उपयोगी योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से लाहिरु कुमारा ने 5 विकेट चटकाए, जबकि असिथा फर्नांडो को 3 सफलताएं मिलीं।

 

दूसरी पारी में श्रीलंका का संघर्ष गया बेकार

पहली पारी में 100 का आंकड़ा भी न छू पाने वाली श्रीलंकाई टीम ने दूसरी पारी में बेहतर खेल दिखाया और 316 रन बनाए। मिलन रथनायके ने 66, सोनल दिनुशा ने 54, कप्तान कुसल मेंडिस ने 53 और पसिंदू सूर्यबंदरा ने 38 रनों की जुझारू पारियां खेलीं।

लेकिन पहली पारी में पिछड़ने के कारण श्रीलंका बड़ी बढ़त नहीं ले सका। दूसरी पारी में भी पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अब्बास और आमिर जमाल ने 3-3 विकेट लेकर श्रीलंका की कमर तोड़ दी और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

 

Leave a Comment