वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार, 7 नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा। इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। वेलिंगटन में शुक्रवार को लगातार बारिश के कारण भारतीय टीम का प्रैक्टिस सेशन रद्द करना पड़ा।
वहीं, न्यूजीलैंड की टीम को भी इनडोर अभ्यास करना पड़ा। मौसम का पूर्वानुमान भी अच्छा नहीं है। ऐसे में फैंस को एक बार फिर पूरे 50 ओवर का मुकाबला देखने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। ऑकलैंड में खेला गया पहला वनडे भी बारिश से प्रभावित रहा था।
वेलिंगटन के मौसम को लेकर जो पूर्वानुमान सामने आया है, वह क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर नहीं है। एक्यूवेदर के मुताबिक, शनिवार को दिन के पहले हिस्से में बारिश की संभावना करीब 60 फीसदी है, जबकि दूसरे हिस्से में यह 55 फीसदी तक रह सकती है। मैच स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 3 बजे शुरू होना है। इसी समय बारिश की आशंका भी काफी ज्यादा है।
दोपहर और रात में बारिश के आसार
दोपहर 2 बजे बारिश की संभावना करीब 49 फीसदी और मैच शुरू होने के समय यानी 3 बजे 55 फीसदी है। शाम 4 बजे यह बढ़कर 60 फीसदी तक पहुंच सकती है। हालांकि शाम 5 से 7 बजे के बीच मौसम कुछ बेहतर होने की उम्मीद है। इसके बाद रात में फिर बारिश की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में मैच की शुरुआत में देरी होने या मुकाबले के बीच में बार-बार रुकावट आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अगर एक पारी में 20 ओवर का खेल नहीं हो पाता है तो मैच रद्द करना पड़ सकता है।
बारिश ने बिगाड़ दी तैयारी
मैच से एक दिन पहले शुक्रवार को वेलिंगटन में लगातार बारिश हुई। इसके कारण भारतीय टीम को अपना अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा। टीम इंडिया को बेसिन रिजर्व में अभ्यास करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी तैयारी जारी रखने के लिए इनडोर अभ्यास का सहारा लिया। टीम ने वेलिंगटन कॉलेज की इनडोर सुविधा में अभ्यास किया। इस तरह दूसरे वनडे से पहले दोनों टीमों की तैयारियां मौसम से प्रभावित हुई हैं।
पहले वनडे में भी बारिश ने डाला था खलल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का पहला वनडे ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया था। इस मुकाबले में भी बारिश ने कई बार खेल रोका था। न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.2 ओवर में 185 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम को 186 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन बारिश के कारण लक्ष्य बदलकर 32 ओवर में 143 रन कर दिया गया। टीम इंडिया ने विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 22.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। कोहली ने 51 गेंदों में 74 रन की पारी खेली थी। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी।
भारत की नजरें सीरीज में बढ़त मजबूत करने पर
पहला मुकाबला जीतने के बाद शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम की कोशिश दूसरे वनडे में जीत दर्ज करके सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल करने की होगी। पहले मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। अर्शदीप सिंह ने चार और गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट हासिल किए थे। वहीं विराट कोहली ने बल्ले से अहम योगदान दिया था। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीरीज बराबर करना चाहेगी। कप्तान मिचेल सैंटनर के सामने बल्लेबाजी में सुधार करने की चुनौती होगी। पहले मुकाबले में टीम की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने बुरी तरह लड़खड़ा गई थी।
वेलिंगटन की पिच पर तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद
एचएनआरवाई स्टेडियम की पिच पर तेज गेंदबाजों को उछाल और स्विंग मिलने की उम्मीद है। वेलिंगटन में तेज हवाएं भी गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर भी अतिरिक्त उछाल और गेंद में मूवमेंट मिलने की उम्मीद जता चुके हैं। हालांकि, अगर बारिश के कारण मैदान गीला रहता है तो खिलाड़ियों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, औकिब नबी/मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: टिम सीफर्ट, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर।