IND vs PAK World Cup 2027 Match Ticket Demand: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला हो और उसे लेकर फैंस में उत्साह न दिखे, ऐसा कम ही होता है। खासकर जब बात वनडे वर्ल्ड कप की हो, तो इस मुकाबले का रोमांच और बढ़ जाता है।
अगले साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच को लेकर टिकटों की मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 84 लाख लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है, जबकि स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की क्षमता महज 34 हजार है।
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस महामुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देखने के लिए दुनियाभर के क्रिकेट फैंस टिकट पाने की कोशिश में जुटे हैं। यही वजह है कि टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों के मुकाबले कई गुना ज्यादा पहुंच गई है।
ICC ने जारी किया टिकट आवेदन का आंकड़ा
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने एक आधिकारिक रिलीज में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए टिकट आवेदनों का आंकड़ा साझा किया है। ICC के मुताबिक, 10 अक्टूबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले के लिए कुल 83,97,294 आवेदन मिले हैं। यानी करीब 84 लाख लोगों ने टिकट की मांग की है।
खास बात यह है कि इसी मैदान पर 21 नवंबर को 2027 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले को लेकर भी फैंस में जबरदस्त दिलचस्पी है। ICC के अनुसार, फाइनल मैच के लिए भी 79,00,944 टिकट आवेदन मिले हैं।
ICC ने फैंस के उत्साह पर क्या कहा?
ICC के इवेंट्स और ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर गौरव सक्सेना ने टूर्नामेंट को लेकर मिल रही प्रतिक्रिया पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को लेकर फैंस का उत्साह शानदार है। टिकटों की इतनी ज्यादा मांग टूर्नामेंट की वैश्विक लोकप्रियता को दिखाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि 24 साल बाद पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप की अफ्रीका में वापसी होना खास है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में क्रिकेट फैंस की दिलचस्पी इस आयोजन को पूरे महाद्वीप और दुनिया के प्रशंसकों को जोड़ने का बड़ा अवसर बनाती है।