हैमिल्टन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच रविवार (1 नवंबर) को हैमिल्टन में खेला जाएगा। 3-1 की अजेय बढ़त बना चुका भारत जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहेगा।
वहीं, न्यूजीलैंड की कोशिश लगातार दूसरी जीत हासिल करने की होगी। ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 में भारत को 87 रन से करारी हार मिली थी। इस मुकाबले ने भारतीय गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए थे और कीवी टीम 259 रन बनाने में सफल रही थी। ऐसे में कप्तान श्रेयस के सामने सही बॉलिंग कॉम्बिनेशन चुनने की मुश्किल चुनौती होगी।
भारत ने सीरीज के शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर अजेय बढ़त हासिल की थी, लेकिन चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने बड़ी जात हासिल की। चौथे मैच में न्यूजीलैंड ने टी20 में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। भारत के खिलाफ भी किसी टीम का यह सबसे बड़ा स्कोर रहा। ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन और माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 65 रन की पारी खेली। भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी 10 ओवरों में 150 रन लुटा दिए। नितीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 64 रन दिए, जबकि अर्शदीप सिंह को छोड़कर सभी गेंदबाजों की इकोनॉमी रेट 10 से ज्यादा का रहा।
गेंदबाजी में सुधार की जरूरत
इस सीरीज में अर्शदीप सिंह सबसे भरोसेमंद भारतीय गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने नई गेंद के साथ डेथ ओवर्स में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, मयंक यादव, प्रिंस यादव और भुवनेश्वर कुमार जैसे तेज गेंदबाजों को भी पर्याप्त मौके मिले हैं। हालांकि,इन गेंदबाजों को अपने प्रदर्श में सुधार लाना होगा। खासकर बीच के ओवरों में रन रोकने और डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालने पर काम करना होगा। पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से फुल मेंबर टीमों में भारत का गेंदबाजी औसत सबसे खराब और इकॉनमी के मामले में दूसरा सबसे खराब है।
कुलदीप और वरुण को मिल सकता है मौका
टीम इंडिया के पास स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। हालांकि, सीरीज में अब तक दोनों को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। अक्षर पटेल के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी के बीच इन दोनों स्पिनरों को आजमाया जा सकता है। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले भी संकेत दे चुके हैं कि हैमिल्टन की परिस्थितियों को देखते हुए कुलदीप और वरुण को मौका मिल सकता है। हालांकि, ऐसा करने पर टीम की बल्लेबाजी कमजोर होगी।
ग्लेन फिलिप्स और जैकब डफी से भारत को खतरा
न्यूजीलैंड की टीम लगातार दूसरी जीत के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ग्लेन फिलिप्स इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वह चार मैचों में 276 रन बनाकर सीरीज के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। ऑकलैंड में उनके शतक ने भारत की हार की नींव रखी। माइकल ब्रेसवेल ने भी पिछले मुकाबले में तूफानी अर्धशतक लगाया था। गेंदबाजी में जैकब डफी भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर उभरे हैं। चौथे टी20 में उन्होंने 23 रन देकर 4 विकेट झटके थे। मिचेल सैंटनर भी गेंद से लगातार प्रभाव छोड़ रहे हैं। भारत को सैंटनर का तोड़ निकालना होगा।
वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका
आखिरी मुकाबले में भारतीय प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना है। वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा को बाहर बैठाया जा सकता है। संजू ने पहले मैच में 67 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली। कप्तान श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। वहीं, ईशान किशन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। टीम मैनेजमेंट के सामने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के बीच सही संतुलन बनाने की चुनौती होगी।
कब और कहां होगा मुकाबला?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 12:30 बजे शुरू होगा। भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है, लेकिन 4-1 की जीत से दौरे का समापन करना चाहेगा। इसके बाद दोनों टीमें वनडे सीरीज की तैयारियों में जुटेंगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
न्यूजीलैंडः टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी, मैथ्यू फिशर।
भारतः अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी/शिवम दुबे, नमन धीर, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव/भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव।