मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ को पूरी तरह बदल दिया है, अब बारी कप्तान की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हार्दिक पंड्या अब कप्तान नहीं होंगे. रोहित या तिलक वर्मा में से किसी एक को ये जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
पिछले तीन सीज़न से टीम की कमान संभाल रहे हार्दिक पंड्या का भविष्य अनिश्चित दिख रहा है. भले ही मुंबई इंडियंस ने अभी तक पंड्या के लिए किसी ट्रेड ऑफर की पुष्टि नहीं की है, लेकिन ऐसा लगता नहीं कि वो अगले सीज़न में टीम की अगुवाई करेंगे, भले ही वो टीम में रहें.
हार्दिक का क्या होगा?
हार्दिक पंड्या के करीबी लोगों की मानें तो, उनके ट्रेड होने की 90 प्रतिशत से ज़्यादा संभावना है. एक आईपीएल सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘हार्दिक टकराव वाला शख्स नहीं है. अगर MI को उसके लिए कोई सही ट्रेड नहीं मिलता, तो वो निश्चित तौर पर एक साल के लिए टीम में रहेंगे और अपना 110-120 प्रतिशत देंगे. इससे फर्क नहीं पड़ेगा कि वो कप्तान है या नहीं, कमिटमेंट में कोई कमी नहीं होगी.’
एक सीज़न के लिए रोहित सबसे सुरक्षित
रोहित शर्माअगले साल के आईपीएल के बीच में 40 साल के हो जाएंगे. तर्कसंगत रूप से, 2027 का आईपीएल MI की जर्सी में उनका आखिरी सीज़न हो सकता है. वो 2027 वनडे विश्व कप के लिए भी तैयारी कर रहे हैं. मैदान पर कुशल सोच और नेतृत्व की बात आती है तो रोहित का कोई विकल्प नहीं है. MI, जो इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है, उसके लिए रोहित जैसा कोई नहीं है जो मेगा ऑक्शन से पहले एक साल तक टीम को संभाल सके. पिछले कुछ सीज़न में रोहित को ज़्यादातर ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर इस्तेमाल किया गया है. हालांकि, अगर रोहित कप्तान बनते हैं, तो MI के पास मैच की स्थिति के आधार पर किसी और को सब्स्टीट्यूट के तौर पर इस्तेमाल करने की सुविधा होगी.
तिलक वर्मा हैं मुंबई का भविष्य
तिलक वर्मा को भविष्य के नेता के तौर पर देखा जा रहा है. वो पूरी तरह से MI के घरेलू खिलाड़ी हैं. वो कम से कम अगले पांच सालों के लिए एक दीर्घकालिक विकल्प बनने से पहले रोहित के अंडरस्टडी के रूप में काम कर सकते हैं. अगर तिलक को कप्तानी मिलती है, तो वो मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों की भर्ती में अपनी बात रखकर एक नई शुरुआत करना चाहेंगे.
नए कोच के साथ रोहित का रिश्ता
रोहित ने मुंबई इंडियंस के साथ कप्तान के तौर पर जो पांच खिताब जीते हैं, उनमें पोलार्ड एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं. पोलार्ड शायद उन कुछ क्रिकेटरों में से एक हैं जिन्होंने रोहित को उनकी कप्तानी की हर स्टेज में देखा है. ऐसे में पोलार्ड और रोहित की जोड़ी बन सकती है.