तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिंकन में 7 से 10 नवंबर तक निर्धारित इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में खेलने की उम्मीद है।
ये दोनों खिलाड़ी अपनी वापसी कर सकते हैं।
ऐसी संभावना है कि इसी मैच में बुमराह के साथ ऋषभ पंत भी इंडिया ए टीम के साथ जुड़ेंगे, बशर्ते पंत को बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ से फिटनेस क्लीयरेंस मिल जाए। पंत और बुमराह दोनों न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए भारत के स्क्वॉड में शामिल हैं, जो वेलिंगटन (19-23 नवंबर) और क्राइस्टचर्च (27 नवंबर-1 दिसंबर) में खेली जाएगी।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में हैं बुमराह और पंत
बुमराह और पंत दोनों इस समय बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में ट्रेनिंग कर रहे हैं। जहां पंत शुक्रवार को सीओई पहुंचे थे, वहीं बुमराह सोमवार को पहुंचे। बुमराह का सीओई दौरा किसी भी सीरीज से पहले सभी खिलाड़ियों के लिए ‘रिटर्न-टू-प्ले’ को पूरा करने के लिए है, जिसके बाद वे एक नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेंगे। बुमराह ने आखिरी बार जापान में एशियाई खेलों के दौरान खेला था, जहां भारत ने अक्टूबर की शुरुआत में स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि चयनकर्ताओं ने उन्हें घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ सफेद गेंद सीरीज और चल रहे न्यूज़ीलैंड दौरे के टी-20 और वनडे मैचों से आराम दिया था, लेकिन माना जा रहा है कि बुमराह अहमदाबाद में अभ्यास कर रहे हैं, जहां वह रहते हैं।
पंत ने बैटिंग प्रैक्टिस कर दी है शुरू, विकेटकीपिंग का इंतजार
पंत ईरानी कप के दौरान लगी साइड स्ट्रेन की चोट से उबर रहे हैं, जहां उन्होंने अक्टूबर के पहले हफ़्ते में जम्मू और कश्मीर के खिलाफ शेष भारत को जीत दिलाई थी। इस चोट के कारण पंत रणजी ट्रॉफी के पहले दौर में दिल्ली के लिए खेलने के साथ-साथ न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों से भी बाहर हो गए थे। पता चला है कि पंत ने सीओई में हल्का अभ्यास शुरू कर दिया है, जिसमें बल्लेबाजी का अभ्यास शामिल है। हालांकि उन्होंने अभी तक विकेटकीपिंग शुरू नहीं की है। चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो चार दिवसीय मैचों के लिए झारखंड के कुमार कुशाग्र को पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है। कुशाग्र को पिछले हफ़्ते चल रही टी-20 सीरीज में इशान किशन के बैक-अप के रूप में भी शामिल किया गया था, जब उनके झारखंड के कप्तान किशन को दाहिनी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था।