Mohammed Shami 2027 World Cup: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हुई है. भुवी ने 4 साल बाद टीम इंडिया में वापसी की है.
भुवी की वापसी के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भी उम्मीदें बढ़ गई थीं. हालांकि न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की किसी स्क्वाड में उन्हें नहीं चुना गया. वह लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सिर्फ 7 मैचों में 37 विकेट चटकाए थे. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने सिलेक्टर्स के सामने अपनी दावेदारी पेश की, लेकिन फिर भी उन्हें वापसी करने का मौका नहीं दिया. इस बीच मोहम्मद शमी ने अपनी वापसी और 2027 विश्व कप में खेलने की उम्मीद को लेकर बात की है.
शमी ने बंगाल के लिए क्यों नहीं खेला दूसरा मैच?
हाल ही में मोहम्मद शमी ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में बंगाल के लिए पहला मैच खेला, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया. इस पर ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि वह हार मान चुके हैं. अब मोहम्मद शमी ने इसके पीछे की वजह बताई है. शमी ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कहा कि विकेट से कोई मदद नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने यह मैच नहीं खेलने का फैसला किया.
उन्होंने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि युवा खिलाड़ियों को खेलने का अनुभव मिले, इसलिए मैंने यह मैच नहीं खेलने का फैसला किया. जितना खेलेंगे उन्हें उतना अनुभव मिलेगा. बतौर बल्लेबाज तो मैं खेल नहीं सकता हूं तो जो पिच की परिस्थिति है उसके हिसाब से ही मैं खेलता हूं. मुझे लगता है कि युवा को आगे आना चाहिए.’
विश्व कप को लेकर क्या बोले शमी?
वहीं, विश्व कप 2027 को लेकर शमी ने कहा कि वह भी इस मेगा टूर्नामेंट में खेलना चाह रहे हैं. शमी ने बताया कि वो इसके लिए खूब तैयारी भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, मैं नेट पर डेढ़ घंटे गेंदबाजी करता हूं, मैं अपने फिटनेस के चरम पर हूं, मैं अपना हर समय सर्वश्रेष्ठ देता हूं और देता आउंगा, जब हर कोई वर्ल्ड कप खेलने का सोच रहे हैं तो मैं क्यों नहीं, मैं भी 2027 के वर्ल्ड कप को खेलना चाहता हूं.’
भुवी की वापसी पर शमी का बयान
मोहम्मद शमी ने आगे कहा कि वह लगातार अच्छा कर रहे हैं और उन्हें पूरा यकीन है कि वह फिर से टीम में वापसी करेंगे. उनका सर्वश्रेष्ठ समय चल रहा है. उनका कहना है कि वो अपने करियर के पीक पर हैं और बस खेलते रहना चाहते हैं. इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर बात करते हुए शमी ने कहा, ‘भुवी की वापसी तो बहुत पहले ही हो जानी चाहिए. वह लगातार अच्छा कर रहा था. मैं उसके लिए काफी खुश हैं. उसने देखिए कभी भी क्रिकेट खेलना बंद नहीं किया और वह अपना कोई भी मैच को सर्वश्रेष्ठ देता था.’
शमी डेढ़ साल से टीम इंडिया से दूर
बता दें कि मोहम्मद शमी करीब डेढ़ साल से भारतीय टीम से दूर चल रहे हैं. उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार 2025 के चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था. इसके बाद से ही भारतीय टीम से बाहर चल रह हैं.