चयन समिति बदली पर सरफराज खान जस के तस, फिर शतक लगाया, फिर सेलेक्टर्स की नाक में दम कर दिया

नई दिल्ली: टीम इंडिया से बाहर चल रहे सरफराज खान ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 में शतकीय पारी खेलकर एक बार फिर दमदार वापसी का दावा पेश किया है। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में सरफराज ने 139 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली।

उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। सरफराज खान लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने की कोशिश कर रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद उन्हें लगातार मौके नहीं मिले हैं। ऐसे में रणजी ट्रॉफी में उनका यह शतक काफी अहम माना जा रहा है।

सरफराज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शतक का जश्न मनाते हुए तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘नंबर 18 कभी फुल नहीं होता’। उनकी इस पोस्ट पर सूर्यकुमार यादव और चेन्नई सुपर किंग्स समेत कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी।

हिमाचल के खिलाफ मुंबई की मजबूत स्थिति

रणजी ट्रॉफी 2026-27 के मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में 140 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में मुंबई ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट के नुकसान पर 398 रन बना लिए थे। इस तरह मुंबई को पहली पारी के आधार पर 258 रन की बढ़त मिल गई थी। सरफराज खान 139 रन बनाकर नाबाद थे। उनके छोटे भाई मुशीर खान ने भी 57 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान सिद्धेश लाड ने 87 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज आकाश आनंद 58 रन बनाकर नाबाद रहे। सरफराज का यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 18वां शतक था। घरेलू क्रिकेट में उनका शानदार रिकॉर्ड बताता है कि वह लंबे प्रारूप में लगातार बड़ी पारियां खेलने की क्षमता रखते हैं।

 

 

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सरफराज का दमदार रिकॉर्ड

सरफराज खान ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से कई बार चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। वह मुंबई के लिए मध्यक्रम में अहम भूमिका निभाते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका बल्लेबाजी औसत 60 से ऊपर रहा है और उनके नाम कई बड़े शतक दर्ज हैं। उनकी बल्लेबाजी की खासियत लंबी पारियां खेलने और दबाव में रन बनाने की क्षमता है। हिमाचल के खिलाफ नाबाद 139 रन की पारी भी इसी सिलसिले की एक और कड़ी है।

कैसा रहा है सरफराज खान का इंटरनेशनल करियर?

सरफराज खान ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। डेब्यू मैच की पहली पारी में उन्होंने 62 रन बनाए और दूसरी पारी में नाबाद 68 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर 2024 में बेंगलुरु टेस्ट में उन्होंने 150 रन की शानदार पारी खेली थी। हालांकि, इसके बाद भारतीय टेस्ट टीम में उनकी जगह नियमित नहीं रही। सरफराज ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं। इनकी 11 पारियों में उनके नाम 371 रन हैं। उनका बेस्ट स्कोर 150 रन और औसत 37.10 है। उनके खाते में एक शतक और 3 अर्धशतक हैं।

Leave a Comment