रणजी ट्रॉफी में दिखेगा ऑस्ट्रेलियाई अंपायर का जलवा, भारतीय अंपायर पराशर जोशी जाएंगे ऑस्ट्रेलिया

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट का रिश्ता सिर्फ खिलाड़ियों और मुकाबलों तक सीमित नहीं है। अब दोनों देशों के अंपायर भी एक-दूसरे के घरेलू क्रिकेट में अपनी भूमिका निभाते नजर आएंगे।

BCCI और   के अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मैचों में अंपायरिंग करेंगे। वहीं, भारतीय अंपायर पराशर जोशी को ऑस्ट्रेलिया में शेफील्ड शील्ड और वनडे कप के मुकाबलों में अंपायरिंग का मौका मिलेगा।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, बेन ट्रेलोर इस सीजन में रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबलों में मैदान पर अंपायर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली और गुजरात के बीच दिल्ली में खेले जा रहे मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे। इसके बाद 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में मुंबई और हरियाणा के बीच होने वाले मैच में भी उनकी नियुक्ति की गई है।

ट्रेलोर अनुभवी अंपायर

ट्रेलोर के पास घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग का अच्छा अनुभव है। वह अब तक 30 फर्स्ट क्लास मैचों, 20 लिस्ट-ए मुकाबलों और बिग बैश लीग के 39 मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा, वह दो महिला वनडे इंटरनेशनल और चार महिला T20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायर की भूमिका निभा चुके हैं। मैदान के बाहर भी ट्रेलोर क्रिकेट से जुड़े हैं। वह क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स में अंपायर एजुकेशन ऑफिसर के रूप में काम करते हैं और नए मैच अधिकारियों को तैयार करने में योगदान देते हैं। अंपायरिंग एजुकेशन के क्षेत्र में उनके काम को न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन के चार जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

ऑस्ट्रेलिया में 3 मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे पराशर जोशी

दूसरी ओर, भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया में तीन मुकाबलों में अंपायरिंग करेंगे। उनके कार्यक्रम की शुरुआत 11 से 14 नवंबर तक ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर क्वींसलैंड और तस्मानिया के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच से होगी। इसके बाद वह 16 नवंबर को इसी मैदान पर दोनों टीमों के वनडे कप मुकाबले में अंपायरिंग करेंगे।

जोशी का एक्सचेंज प्रोग्राम 22 से 25 नवंबर तक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड के बीच होने वाले शेफील्ड शील्ड मैच के साथ पूरा होगा। भारतीय घरेलू क्रिकेट में भी जोशी का अनुभव अच्छा रहा है। वह रणजी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी सहित 19 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। इसके अलावा, वह विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी, IPL और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सहित 40 T20 मुकाबलों में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

Leave a Comment