Ranji Trophy 2026-27: प्रियांश आर्य का टूटा दिल, दोहरे शतक से सिर्फ 1 रन से चूके, 199 के स्कोर पर हुए बोल्ड

Ranji Trophy 2026-27: रणजी ट्रॉफी 2026-27 के दूसरे राउंड में बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने ऐसी पारी खेली, जिसे वो कभी भूल नहीं पाएंगे. टी20 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने वाले प्रियांश आर्य ने रेड-बॉल में अपने बल्ले से तहलका मचा दिया है.

सीजन के पहले मैच से बाहर होने के बाद दूसरे मैच में दिल्ली की ओर से खेलते हुए प्रियांश आर्य ने गुजरात के खिलाफ अपने फर्स्ट क्लास करियर का पहला शतक लगाया. उनके पास इस शतक को दोहरे शतक में बदलने का सुनहरा मौका था, लेकिन वह सिर्फ 1 रन से चूक गए. प्रियांश आर्य 199 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड हो गए, जिससे उनके दोहरे शतक का सपना टूट गया. भले ही वह अपना दोहरा शतक पूरा नहीं कर पाए, लेकिन टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

दोहरे शतक से कैसे चूके प्रियांश आर्य?

दिल्ली के पालम क्रिकेट ग्राउंड में रविवार (18 अक्टूबर) को दिल्ली बनाम गुजरात का मुकाबला शुरू हुआ. इस मैच के पहले दिन ही दिल्ली के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया. दिलचस्प बात यह है कि प्रियांश आर्य अपने करियर का सिर्फ तीसरा फर्स्ट क्लास मैच खेल रहे हैं.

 

 

उन्होंने पहले अपना शतक पूरा किया और फिर तेजी से दोहरे शतक की ओर बढ़ने लगे. जब वह 199 रन के स्कोर पर पहुंच गए थे, तो गुजरात के ऑफ स्पिनर मनन हिंगराजिया ने उन्हें बोल्ड कर दिया. इसी के साथ प्रियांश आर्य सिर्फ 1 रन से अपना दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए. वह 220 गेंदों पर 199 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें उनके बल्ले से 24 चौके और 6 छक्के आए.

कैसा रहा दिल्ली-गुजरात का मैच?

इस मैच में दिल्ली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. दिल्ली की ओर से प्रियांश आर्य के 199 रन के अलावा कप्तान आयुष बदोनी ने भी शानदार शतक लगाया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक आयुष बदोनी 115 रन बनाकर क्रीज पर टिके रहे. इस दौरान आयुष बदोनी और प्रियांश आर्य के बीच 234 रनों की विशाल साझेदारी हुई. इसके दम पर पहले दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली ने 4 विकेट के नुकसान पर 381 रन बना लिए. अब 19 अक्टूबर को दूसरे दिन का खेल शुरू होगा.<

Leave a Comment