जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। कभी प्रतिबंध के कारण क्रिकेट से दूर रहने वाले टेलर अब देश के लिए वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में 81 रन की पारी खेलकर यह मुकाम हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जिम्बाब्वे के पूर्व दिग्गज एंडी फ्लावर को पीछे छोड़ दिया। अब टेलर के नाम 211 वनडे मैचों में 6837 रन दर्ज हैं।
एंडी फ्लावर ने अपने वनडे करियर में 6786 रन बनाए थे। इस तरह टेलर ने उन्हें 51 रन से पीछे छोड़ दिया है। जिम्बाब्वे के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में ग्रांट फ्लावर 6571 रन के साथ तीसरे, हैमिल्टन मसाकाद्जा 5658 रन के साथ चौथे और सीन विलियम्स 5217 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
मुश्किल शुरुआत से टीम को संभाला
अबू धाबी में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने शुरुआती सात ओवर के भीतर ही तीन विकेट गंवा दिए थे और स्कोर 24 रन था। ऐसे समय में टेलर और कप्तान क्रेग इरविन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 150 रन की अहम साझेदारी हुई।
टेलर ने 101 गेंदों पर 81 रन बनाए, जिसमें 10 चौके शामिल रहे। वहीं, इरविन 106 गेंदों पर 93 रन बनाकर आउट हुए। इस साझेदारी की बदौलत जिम्बाब्वे ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
बैन के बाद अब रिकॉर्ड बुक में नाम
टेलर के करियर में जनवरी 2022 का दौर भी काफी अहम रहा। उस समय आईसीसी ने भ्रष्टाचार रोधी नियमों से जुड़े आरोप स्वीकार करने के बाद उन पर साढ़े तीन साल का प्रतिबंध लगाया था। आरोपों में भ्रष्टाचार से जुड़े लोगों के संपर्क और उनसे मिले गिफ्ट तथा कैश की जानकारी समय पर नहीं देने जैसी बातें शामिल थीं। टेलर ने आरोप स्वीकार किए थे।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने गेंदबाजी में भी दम दिखाया। ब्रैड इवांस ने चार विकेट लेकर बांग्लादेश को 172 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। जिम्बाब्वे ने 99 रन से जीत दर्ज की और इरविन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।