न्यूजीलैंड के खिलाफ यशस्वी टीम में क्यों नहीं? अश्विन बोले, ‘इससे मनोबल टूटेगा’

16 अक्टूबर को BCCI की मेन्स सिलेक्शन कमेटी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया. सिलेक्टर्स ने इस सीरीज के लिए दो अलग-अलग कप्तानों की अगुवाई में टीम की घोषणा की.

पहले 3 ODI में शुभमन गिल कप्तानी करेंगे. इसके बाद बाकी 2 मैचों में श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे. इस 16 मेंबर्स वाली टीम में यशस्वी जायसवाल को मौका नहीं मिला है. शुभमन गिल को दो ODI में रेस्ट देने के बाद भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया. इससे पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन काफी नाराज हैं. यशस्वी को लास्ट दो ODI में मौका नहीं देने पर उन्होंने सिलेक्टर्स पर भड़ास निकाली है.

अश्विन ने सिलेक्टर्स को सुनाया

यशस्वी जायसवाल काफी समय से ODI टीम से बाहर हैं. वो मौके का इंतजार कर रहे हैं. यशस्वी ने अपना आखिरी ODI मैच 20 जून 2026 को अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था. इसके बाद से उन्हें ODI टीम में जगह नहीं मिली. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए यशस्वी का सपोर्ट किया. इस दौरान उन्होंने तर्क दिया कि जब शुभमन गिल को लास्ट 2 वनडे मैचों में रेस्ट दिया गया है तो ऐसे में यशस्वी को मौका देना चाहिए था.

अश्विन के मुताबिक,

अगर शुभमन गिल आखिरी दो ODI नहीं खेल रहे हैं तो यशस्वी जायसवाल को मौका जरूर देना चाहिए था. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. इससे यशस्वी का मनोबल टूट सकता है.

उन्होंने आगे कहा,

मैं शुभमन गिल की सिचुएशन समझ सकता हूं. क्योंकि, वह लगातार दौरे कर रहे हैं. मैं केएल राहुल की भी सिचुएशन समझ सकता हूं. लेकिन, यशस्वी को तो खेलने का मौका नहीं मिल रहा है. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि यशस्वी को मौका देने के तौर पर सिर्फ टीम में शामिल किया जाए.

टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं यशस्वी

यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा हैं. उन्हें 16 सदस्यीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा यशस्वी को न्यूजीलैंड A के खिलाफ होने वाले 3 अनऑफिशियल टेस्ट के लिए भी इंडिया A की टीम में जगह मिली है. इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच पहला अनऑफिशियल टेस्ट 26 अक्टूबर से लिंकन में खेला जाएगा.

पूर्व क्रिकेटर अश्विन की चिंता सिर्फ टीम सिलेक्शन तक सीमित नहीं है. उनका मानना है कि सिलेक्टर्स और टीम मैनेजमेंट को इस बारे में सोचना चाहिए कि लगातार इंटरनेशनल मैच नहीं खेलने से इस यंग प्लेयर पर क्या असर पड़ सकता है? उन्होंने कहा कि यशस्वी रन मशीन हैं. अगर उनका आत्मविश्वास कमजोर हो रहा है तो यह सिलेक्टर्स की जिम्मेदारी है कि जहां संभव हो उन्हें मौका दें. लेकिन, उन्हें चांस नहीं मिल रहे हैं. उनके साथ ऐसा नहीं होना चाहिए. यह गलत बात है.

 

पिछली 4 इनिंग्स में 2 सेंचुरी लगा चुके यशस्वी

यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए अब तक 6 ODI खेले हैं. इनमें उन्होंने 285 रन स्कोर किए. आंकड़ों पर गौर करें तो यशस्वी ने वनडे की पिछली 4 इनिंग्स में से 2 में शतक लगाए हैं. बीते साल 6 दिसंबर 2025 को उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में 116 रनों की नॉट आउट पारी खेली थी. इसके बाद 20 जून 2026 को उन्होंने चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ नॉट आउट 110 रन बनाए थे. इस परफॉर्मेंस के बावजूद उन्हें भारत की ODI टीम से इग्नोर किया गया है.

Leave a Comment