इंटरनेट डेस्क। पाकिस्तान टीम के कप्तान साहिबजादा फरहान ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले कोई कप्तान नहीं कर सका था। श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में फरहान का बल्ला लगातार चला।
उन्होंने सीरीज के तीनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाकर नया इतिहास रच दिया।
फरहान तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीनों मैचों में अर्धशतक जड़ने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। यही नहीं, वह तीन मैचों की द्विपक्षीय टी20 इंटरनेशनल सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले किसी फुल मेंबर नेशन के खिलाड़ी भी बन गए।
साहिबजादा फरहान को इसी महीने सलमान अली आगा की जगह पाकिस्तान की टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया था। उन्होंने 9 अक्टूबर को रावलपिंडी में अपना पहला मुकाबला पूर्णकालिक कप्तान के रूप में खेला और 89 रन की शानदार पारी खेली।